प्रियंका चोपड़ा अपने पति निक जोन्स के साथ करेंगी ऑस्कर के नामांकन की घोषणा

प्रियंका चोपड़ा और उनके पति सिंगर निक जोन्स हाल के दिनों में काफी चर्चा में रहे हैं। जानकारी सामने आ रही है कि प्रियंका अपने पति निक के साथ ऑस्कर के नामांकन की घोषणा करेंगी। प्रियंका और निक ने सोशल मीडिया के जरिए खुलासा किया कि वे आगामी 15 मार्च को ऑस्कर के नामांकन की घोषणा करेंगे। प्रियंका ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करके बताया कि 2021 के लिए ऑस्कर के नामांकन की घोषणा वह करने वाली हैं।
प्रियंका ने अपने ट्विटर हैंडल एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह अपने पति निक जोन्स के साथ नजर आ रही हैं। शेयर किए गए वीडियो में प्रियंका कहती हैं, "हम ऑस्कर के नामांकन की घोषणा करने वाले हैं। हम ऑस्कर के नॉमिनेशंस की घोषणा करने को लेकर बहुत उत्साहित हैं। आगामी 15 मार्च को 05:19 AM में हमें लाइव देखें।" 93वां वार्षिक अकादमी पुरस्कार नामांकन कार्यक्रम अकादमी की आधिकारिक वेबसाइट (ऑस्कर.कॉम, ऑस्कर्स.ऑर्ग) और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होगा।
Hey @TheAcademy, any chance I can announce the Oscar nominations solo? 😂 Just kidding, love you @nickjonas! We are so excited to be announcing the #OscarNoms on Monday, March 15th at 5:19AM PDT! Watch it live on @TheAcademy's Twitter! pic.twitter.com/fB5yyEtWK6
— PRIYANKA (@priyankachopra) March 11, 2021
प्रियंका और निक ऑस्कर में अपनी भूमिका को लेकर काफी उत्साहित दिखे। उन्होंने सरप्राइज देते हुए फैंस को वीडियो शेयर करके खुशखबरी दी है। प्रियंका इस मौके पर काफी मजाकिया अंदाज में नजर आईं। प्रियंका ने अकैडमी को टैग करते हुए अपने ट्विटर पोस्ट के कैप्शन में लिखा, 'कोई चांस है कि मैं ऑस्कर नॉमिनेशंस की घोषणा अकेले करूं?' आगे उन्होंने लिखा कि वह मजाक कर रही हैं। प्रियंका का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
आगामी सोमवार को दो हिस्सों में ऑस्कर नॉमिनेशंस का लाइव प्रसारण होगा, जिसमें 23 अगल-अलग कैटगरी में नॉमिनेशंस होंगे। इन संभावित कैटेगरी में एक्टर इन ए लीडिंग रोल, एक्ट्रेस इन ए लीडिंग रोल, एनिमेटेड फीचर फिल्म, सिनेमैटोग्राफी, निर्देशन, फिल्म संपादन, अंतर्राष्ट्रीय फीचर फिल्म, मेकअप और हेयरस्टाइलिंग और म्यूजिक शामिल हैं। इसके अलावा बेस्ट पिक्चर, प्रोडक्शन डिजाइन और विजुअल इफेक्ट्स की कैटेगरी भी शामिल होगी। इस कार्यक्रम पर बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड की नजर है।
ऑस्कर समारोह का आयोजन 25 अप्रैल हो होने वाल है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक अधिक जानकारी सामने नहीं आई है। डेडलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, अकैडमी ने लॉस एंजिल्स में यूनियन स्टेशन को इस वर्ष के ऑस्कर के लिए वेन्यू के रूप में चुना है। इसके अलावा अभी इस संबंध में कुछ भी आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। खबरों की मानें तो अकैडमी अभी भी इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए मेजबान की तलाश में जुटा है।
हाल के वर्षों में 'बेस्ट पिक्चर अवॉर्ड' के लिए ऑस्कर में आठ या नौ फिल्मों को नामांकित किया जाता रहा है। यहां कुछ फिल्मों की चर्चा की जा सकती हैं, जो इस होड़ में शामिल हो सकती हैं। इनमें 'मिनारी', 'नोमैडलैंड', 'मैनक', 'द ट्रायल ऑफ द शिकागो 7' और 'प्रॉमिसिंग यंग वुमन' जैसी फिल्में शामिल हो सकती हैं। इसके अलावा 'मा रैनीज ब्लैक बॉटम' और 'The Mauritanian' को भी इस सूची में शामिल किया जा सकता है।