LOADING...
प्रकाश राज को चंद्रयान-3 पर तंज कसना पड़ा भारी, भड़के लोगों ने जमकर सुनाई खरी-खोटी
चंद्रयान-3 पर टिप्पणी कर ट्रोल हुए अभिनेता प्रकाश राज

प्रकाश राज को चंद्रयान-3 पर तंज कसना पड़ा भारी, भड़के लोगों ने जमकर सुनाई खरी-खोटी

लेखन मेघा
Aug 21, 2023
01:42 pm

क्या है खबर?

दक्षिण भारतीय सिनेमा के मशहूर अभिनेता प्रकाश राज बेबाकी से हर मुद्दे पर अपनी राय रखने के लिए जाने जाते हैं और इसी के चलते वह सुर्खियों में बने रहते हैं। हाल ही में अभिनेता ने भारत के चंद्रमा मिशन 'चंद्रयान-3' पर व्यंग्यात्मक कटाक्ष कर दिया, जिसके बाद से ही वह आलोचनाओं का शिकार हो रहे हैं। कई लोग अभिनेता की टिप्पणी को असंवेदनशील और अपमानजनक बताकर उनकी निंदा कर रहे हैं। आइए जानते हैं पूरा मामला क्या है।

विस्तार

क्या कहा प्रकाश ने?

दरअसल, प्रकाश ने एक ट्वीट किया था, जिसमें शर्ट और लुंगी पहने हुए एक व्यक्ति चाय के साथ नजर आ रहा था। वह एक हाथ में गिलास और दूसरे में जग लेकर चाय डाल रहा है। इसे साझा करते हुए अभिनेता ने लिखा, 'ब्रेकिंग न्यूज: विक्रम लैंडर द्वारा चंद्रमा से आने वाली पहली तस्वीर।' अभिनेता के इस तरह से इसरो के मिशन के मजाक उड़ाने से लोग भड़क गए हैं और उन्हें खूब खरी-खोटी सुना रहे हैं।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें अभिनेता का पोस्ट

प्रतिक्रिया

लोग बोले- शर्म आनी चाहिए 

प्रकाश का ट्वीट वायरल होते ही लोग वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत का मजाक उड़ाने के लिए उन्हें जमकर ट्रोल कर रहे हैं। एक ने लिखा, 'किसी से नफरत करना और अपने देश से नफरत करना दोनों में अंतर है। आपकी यह हालत देखकर बहुत दुख हुआ।' दूसरे ने लिखा, 'यह मिशन इसरो का है, किसी पार्टी का नहीं।' एक ने लिखा कि अभिनेता को देशवासी कहने में शर्म आती है तो कई उनके देशद्रोही होने की बात कह रहे हैं।

विस्तार

2019 में लड़ा था अभिनेता ने चुनाव

प्रकाश सत्तारूढ़ पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अक्सर आलोचना करते हैं और ट्रोलिंग का शिकार हो जाते हैं। उन्होंने सितंबर 2017 में पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर हैशटैग 'जस्ट आस्किंग' शुरू किया था। इसके बाद से वह हर मुद्दे पर इस हैशटैग के साथ अपनी राय रखते हैं। उन्होंने 2019 के भारतीय आम चुनाव में बेंगलुरु सेंट्रल लोकसभा क्षेत्र से एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा, जिसमें उन्हें हार मिली थी।

जानकारी

23 अगस्त को लैंडिंग कर सकता है चंद्रयान-3

इसरो की चंद्रयान-3 के काफी उम्मीदें जुड़ी हुई हैं। मिशन अपने आखिरी पड़ाव में चल रहा है और 23 अगस्त को यह चांद के दक्षिणी ध्रुव पर लैंड कर सकता है। ऐसे में हर देशवासी की नजरें इसके सफल परीक्षण पर टिकी हुई हैं।

आगामी फिल्में

इन फिल्मों में नजर आएंगे अभिनेता

प्रकाश अब त्रिविक्रम के निर्देशन में बन रही फिल्म 'गुंटूर कारम' का हिस्सा है, जिसकी फिलहाल शूटिंग चल रही है। 200 करोड़ रुपये के बजट में बन रही इस फिल्म में महेश बाबू मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म अगले साल जनवरी में रिलीज होगी। इसके अलावा अभिनेता कोराताला शिवा के निर्देशन में बनी फिल्म 'देवरा' में नजर आएंगे। इसमें जूनियर एनटीआर, सैफ अली खान और जाह्नवी कपूर शामिल हैं। यह फिल्म भी अगले साल ही सिनेमाघरों में दस्तक देगी।