Page Loader
जन्मदिन विशेष: अन्नू कपूर के कार्यक्रम, जिन्हें होस्ट कर अभिनेता ने बनाई अलग पहचान
इन कार्यक्रमों को यादगार बना चुके हैं अनु कपूर (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@annukapoor)

जन्मदिन विशेष: अन्नू कपूर के कार्यक्रम, जिन्हें होस्ट कर अभिनेता ने बनाई अलग पहचान

Feb 20, 2023
07:30 am

क्या है खबर?

बॉलीवुड के लोकप्रिय कलाकार अन्नू कपूर का जन्म 20 फरवरी, 1956 को भोपाल में हुआ था। वह करीब पांच दशक से पर्दे पर काम कर रहे हैं। इन पचास सालों में उन्होंने कॉमेडी से लेकर क्राइम तक, कई यादगार किरदार निभाए हैं। फिल्मों के अलावा अन्नू ने टीवी पर भी अपनी विशेष पहचान बनाई। उनके द्वारा होस्ट किए गए शो उनकी पहचान बन गए। आइए, नजर डालते हैं अन्नू कपूर द्वारा होस्ट किए गए यादगार कार्यक्रमों पर।

#1

क्लोजअप अंताक्षरी

जी टीवी पर आने वाले इस गेम शो को अन्नू कपूर ने करीब दस साल तक होस्ट किया था। यह शो 'टाइटन अंताक्षरी' और 'सैनसुई अंताक्षरी' के नाम से भी लोकप्रिय है। इस शो को अन्नू ने पल्लवी जोशी के साथ होस्ट किया था। शो में दर्शकों के स्वागत और प्रतिभागियों का परिचय देने का अन्नू का अपना स्टाइल था। अपने इस अंदाज ने अन्नू ने इस शो को यादगार बना दिया।

#2

अंताक्षरी- द ग्रेट चैलेंज

जी टीवी पर इतने सालों तक अंताक्षरी होस्ट करने के बाद, अन्नू मानों अंताक्षरी का चेहरा बन गए। एक पूरी पीढ़ी के लिए अंताक्षरी, मतलब अन्नू कपूर। ऐसे में 2007 में जब स्टार वन पर 'अंताक्षरी- द ग्रेट चैलेंज' शुरू किया गया तो इसकी कमान भी अन्नू को दी गई। अन्नू इस शो को जूही परमार के साथ होस्ट करते थे। शो में खिलाड़ी देश में जोन (उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम) के हिसाब से मुकाबला करते थे।

#3

व्हील स्मार्ट श्रीमती

दूरदर्शन का यह कार्यक्रम देश की गृहणियों को समर्पित था। इस गेम शो में पत्नी-पत्नी की जोड़ियां हिस्सा लेती थीं। गेम में कई राउंड होते थे जो घरेलू कामकाज से जुड़ी जानकारियों पर आधारित होते थे। हर एपिसोड में जीतने वाली प्रतिभागी को राशि के साथ कई घरेलू उपकरण जीतने का मौका मिलता था। इस शो को महिलाएं खूब पसंद करती थीं। अन्नू ने अपने शब्दों और अपने अंदाज से इस शो को अलग पहचान दिलाई थी।

#4

गोल्डन एरा विद अन्नू कपूर

मस्ती चैनल का 'गोल्डन एरा विद अन्नू कपूर' टीवी पर अपने तरह का विशेष शो है। 'अंताक्षरी' के बाद यह एक ऐसा शो है, जो अन्नू की पहचान बन गया। इस शो में अन्नू ब्लैक एंड वाइट दौर से पर्दे की पीछे की असनसुनी कहानियां लेकर आते हैं। उस दौर के कलाकार, निर्देशक, गायक, संगीतकार, लेखक आदि लोगों की ऐसी कहानियां वह बेहद रोचक ढंग से प्रस्तुत करते हैं, जिससे हर कोई यादों में खो जाता है।

#5

सुहाना सफर विद अन्नू कपूर

'गोल्डन एरा विद अन्नू कपूर' की सफलता के बाद इसकी तर्ज पर बिग FM ने 'सुहाना सफर विद अन्नू कपूर' शुरू किया। इसे शो में भी अन्नू पुराने दौर के गानों के साथ उस दौर की अनसुनी और रोचक कहानियां सुनाते हैं। उस पीढ़ी के कलाकारों की ऐसी कहानियां श्रोताओं को बांध लेती हैं। साथ ही अन्नू का अपना अंदाज इन कहानियों को और सुहाना बना देता है। यह शो FM के सबसे लोकप्रिय शो में से एक है।