Loading...
सलमान-शाहरुख तो थे सिर्फ मोहरा, टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में कौन था आरोपियों का असली निशाना?
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में नया खुलासा

सलमान-शाहरुख तो थे सिर्फ मोहरा, टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में कौन था आरोपियों का असली निशाना?

Oct 22, 2026
01:04 pm

क्या है खबर?

अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपने बयान बदल दिए हैं और अब जांच से संकेत मिला है कि टाइगर श्रॉफ ही उनका असली निशाना थे, ना कि सलमान खान। पुलिस उन जगहों की पड़ताल कर रही है, जहां आरोपियों ने वारदात से पहले कई दिनों तक रेकी की थी, जिनमें अभिनेता का घर, जिम और फुटबॉल ग्राउंड शामिल हैं।

रेकी

आरोपियों ने घर, जिम और ग्राउंड की कई दिनों तक की रेकी

जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने टाइगर की दिनचर्या और गतिविधियों को समझने के लिए उनसे जुड़े कई ठिकानों का दौरा किया।

वे अभिनेता के घर, जिम और जुहू के फुटबॉल ग्राउंड जैसी जगहों पर घूमकर लगातार नजर रख रहे थे। जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि बॉलीवुड हस्तियों से जुड़े इन ठिकानों का चक्कर लगाते वक्त आरोपियों ने पहचान छुपाकर रेकी कैसे की और खुद पर किसी को शक होने से कैसे बचाया।

जांच और बयान

जुहू का फुटबॉल ग्राउंड बना जांच का केंद्र, आरोपियों ने पूछताछ में बदले बयान

जांच में जुहू का फुटबॉल ग्राउंड एक अहम ठिकाना बनकर उभरा है, क्योंकि टाइगर श्रॉफ अक्सर वहां जाते हैं।

पुलिस अब इन जगहों पर हुई रेकी की कड़ियों को जोड़कर फायरिंग से पहले के पूरे घटनाक्रम का खाका तैयार कर रही है।

इस बीच सूत्रों का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस के सामने अपने बयान बदल दिए हैं, जिससे मामले की जांच और उलझ गई है।

ADVERTISEMENT

शक

'मुंबई दर्शन' की आड़ में टाइगर श्रॉफ की रेकी

सूत्रों के अनुसार, आरोपियों द्वारा किए गए इन दौरों में अक्षय कुमार, शाहरुख खान, सलमान खान, अमिताभ बच्चन और आमिर खान के आवास भी शामिल थे।

जांच एजेंसियां गहनता से जांच कर रही हैं कि क्या इन नामी हस्तियों के ठिकानों पर जाने का मकसद एक सोची-समझी आड़ बनाना था।

पुलिस को शक है कि आरोपियों ने इन दौरों को आम 'मुंबई दर्शन' की तरह दिखाया, ताकि टाइगर श्रॉफ की रेकी करने पर किसी को कोई शक न हो।

ADVERTISEMENT

निर्देश

आरोपी अनिल पंडित को मिला था अभिनेता को सीधा निशाना बनाने का टास्क

सूत्रों के अनुसार, अनिल पंडित इस पूरे घटनाक्रम में शामिल मुख्य आरोपियों/शूटर्स में से एक है।

जांच अधिकारियों को मिले इनपुट्स के मुताबिक, अनिल पंडित को ही कथित तौर पर टाइगर श्रॉफ पर हमला करने और उन्हें सीधा निशाना बनाने का मुख्य टॉस्क दिया गया था।

मुंबई क्राइम ब्रांच इस बात की पड़ताल कर रही है कि अनिल पंडित को ये निर्देश किसने दिए थे और इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड कौन है।

ADVERTISEMENT