तमिल सिनेमा में बड़ा संकट, 1 सितंबर से सिनेमाघरों में रिलीज नहीं होगी कोई नई फिल्म
क्या है खबर?
तमिल सिनेमा में निर्माताओं और सिनेमाघर मालिकों के बीच बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। थिएटर मालिकों और डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन का कहना है कि वे केवल उन्हीं फिल्मों को सिनेमाघरों में दिखाएंगे, जो थिएटर रिलीज के 8 हफ्ते बाद ही OTT पर स्ट्रीम होंगी। इस शर्त से नाराज होकर 2 बड़ी तमिल निर्माता संस्थाओं ने कड़ा कदम उठाया है। उन्होंने ऐलान किया है कि सितंबर की शुरुआत से किसी भी नई तमिल फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज नहीं किया जाएगा।
ऐलान
OTT नियम पर विवाद के बाद 1 सितंबर से नई फिल्मों की रिलीज पर रोक
तमिल फिल्म प्रोड्यूसर्स काउंसिल (TFPC) और तमिलनाडु एक्टिव प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने ऐलान किया कि 1 सितंबर से सिनेमाघरों में कोई नई तमिल फिल्म रिलीज नहीं होगी।
TFPC के मुताबिक, ये कदम इसलिए उठाया गया, क्योंकि वितरकों और थिएटर मालिक एसोसिएशन ने निर्माताओं से सलाह किए बिना नई फिल्मों को OTT पर रिलीज करने से पहले 8 हफ्ते की अनिवार्यता की लिखित गारंटी और फिल्मों के लिए अग्रिम भुगतान न देने का फैसला सुनाया था।
चेतावनी
फिल्मों की रिलीज के साथ-साथ शूटिंग और पोस्ट-प्रोडक्शन भी ठप
निर्माता परिषद ने कहा कि इन फैसलों पर उनसे कोई चर्चा नहीं की गई और वो वितरकों व थिएटर मालिक एसोसिएशन के एकतरफा फैसलों को स्वीकार नहीं कर सकता।
निर्माता संघ ने चेतावनी दी है कि शूटिंग और पोस्ट-प्रोडक्शन का काम भी ठप रहेगा। दोनों प्रमुख निकायों ने तमिलनाडु सरकार से हस्तक्षेप कर जल्द समाधान निकालने की अपील की है, क्योंकि काम बंद होने से फिल्म उद्योग से जुड़े हजारों दिहाड़ी मजदूरों की आजीविका पर सीधा संकट मंडरा रहा है।
संकट
'जेलर 2' समेत कई बड़ी तमिल फिल्मों की रिलीज पर संकट के बादल
सितंबर के शुरुआती 2 हफ्तों में कार्थी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'सरदार 2' (10 सितंबर) सहित 'इम्मोर्टल', 'मंदाडी' और 'डिमोंटी कॉलोनी 3' रिलीज होनी थीं, जिन पर अब अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं।
इसके अलावा, साल 2026 की बाकी अवधि में रिलीज होने वाली बड़ी तमिल फिल्मों में रजनीकांत की 'जेलर 2', धनुष की 'ओम', विजय सेतुपति की 'बट्ठा' और थलापति विजय के बेटे जैसन संजय की 'सिग्मा' शामिल हैं, जिन पर भी इस विवाद का असर पड़ सकता है।