नेटफ्लिक्स की 'ऑपरेशन सफेद सागर': 16,000 फीट की ऊंचाई और असली एयरबेस पर हुई शूटिंग
नेटफ्लिक्स जल्द ही 'ऑपरेशन सफेद सागर' नाम की 6-एपिसोड की एक विशेष वेब सीरीज लेकर आ रहा है। ये सीरीज 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय वायुसेना (IAF) की महत्वपूर्ण भूमिका और शौर्य को उजागर करेगी। एक ऐसी ऐतिहासिक घटना, जिसका असर आज भी भारत-पाकिस्तान संबंधों पर देखा जाता है।
इस सीरीज की शूटिंग लगभग 16,000 फीट की अत्यधिक ऊंचाई पर और भारतीय वायुसेना के असली एयरबेस पर की गई है। दर्शकों को सिनेमाई अनुभव देने के लिए इसमें हवाई युद्ध के ऐसे दृश्य दिखाए गए हैं, जिन्हें 1,200 से अधिक भारतीय VFX कलाकारों ने बेहद यथार्थवादी और जीवंत बनाया है।
असली फाइटर जेट्स और वायुसेना बेस पर शूट हुई 'ऑपरेशन सफेद सागर'
इस सीरीज की शूटिंग के लिए असली MiG-21 और मिराज 2000 फाइटर जेट्स के साथ-साथ भारतीय वायुसेना के सक्रिय एयरबेस का भी इस्तेमाल किया गया। इस बड़े प्रोजेक्ट के निर्माण से 850 से ज्यादा भारतीय व्यवसायों और लोकल वेंडर्स को सहयोग मिला।
ऐतिहासिक घटनाओं को पूरी सटीकता के साथ पर्दे पर उतारने के लिए पूर्व सैनिकों और सैन्य विशेषज्ञों की मदद ली गई। रिलीज से पहले रक्षा मंत्रालय ने अपनी मानक स्क्रीनिंग प्रक्रिया के तहत सीरीज की गहन समीक्षा की है, वहीं भारतीय वायुसेना के पूर्व अधिकारियों ने अभिनेताओं की वर्दी से लेकर कॉकपिट के अंदर के बारीक तौर-तरीकों तक, हर पहलू पर अपनी सलाह दी है।