
बॉलीवुड पर नील नितिन मुकेश बोले- हम एकाध फ्लॉप दे दें तो कहते हैं करियर खत्म
क्या है खबर?
बॉलीवुड के दिग्गज गायक मुकेश के पोते नील नितिन मुकेश फिर चर्चा में हैं। पिछली बार उन्हें वेब सीरीज 'है जुनून' में देखा गया था।
उन्होंने श्रीराम राघवन की फिल्म 'जॉनी गद्दार' से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी और तब से लेकर अब तक वह कई फिल्मों में नजर आ चुके हैं। हालांकि, नील को बॉलीवुड में अपने दादा की तरह स्टार वाला दर्जा नहीं मिला।
हाल ही में उन्होंने बॉलीवुड के दोहरे मापदंडों पर सवाल उठाए।
बयान
हिट हो तो स्टार ने दी और फ्लॉप हो तो सबकी- नील
एक यूट्यूब चैनल से नील बोले, "कोई बड़ी फिल्म हिट होती है तो उसका क्रेडिट सिर्फ स्टार को जाता है, जबकि उसमें बाकी कलाकारों की मेहनत भी होती है, वहीं फिल्म फ्लॉप हो तो दोष बाकी सब पर आ जाता है।"
नील ने अपनी फिल्म 'न्यूयॉर्क' का जिक्र कर कहा कि यह सिर्फ जॉन अब्राहम या कैटरीना कैफ की फिल्म नहीं थी, बल्कि पूरी टीम की मेहनत थी। एक फिल्म की सफलता या असफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं होती।
नाराजगी
"हमें 2 फ्लॉप के बाद घर बैठा दिया जाता है"
नील कहते हैं, "भले ही हम जैसे सहायक कलाकारों ने कितना ही अच्छा काम क्यों न किया हो, लेकिन तब भी हमें नकार दिया जाता है। सितारों को 10 फ्लॉप फिल्में देने की आजादी है और फिर भी उन्हें बड़े बजट वाली 11वीं फिल्म दी जाती है। मैंने कई सितारों को फ्लॉप फिल्में देते देखा है, जबकि हमारी 2 फिल्में न चलें तो कहते हैं घर बैठ जाओ। आपको करियर खत्म हो गया है। क्या यह पक्षपात नहीं है?"
संबंध
संगीत घराने से ताल्लुक रखते हैं नील
एक इंटरव्यू में नील ने बॉलीवुड को जहरीला बताते हुए कहा था कि इंडस्ट्री में ऐसे लोग भरे हैं, जो दूसरे की असफलता का जश्न मनाते हैं।
बता दें कि नील के दादा मुकेश बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायकों में से एक थे, वहीं उनके पिता नितिन मुकेश ने भी एक बेहतरीन पार्श्व गायक के तौर पर अपनी पहचान कायम की है।
नील की पहली फिल्म 'जॉनी गद्दार' साल 2007 में आई थी। इसके लिए उन्हें फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिला था।
बायोपिक
अपने दादा की बायोपिक पर काम कर रहे नील
नील ने बीते महीने अपने दादा और महान गायक मुकेश की बायोपिक का ऐलान किया था। उन्होंने खुलासा किया कि वह पिछले 2 साल से बायोपिक पर काम कर रहे हैं। नील इस बायोपिक में खुद ही अपने दादा की भूमिका निभाने वाले हैं।
उन्होंने बताया था कि इस बायोपिक के निर्देशन के लिए वह 'तेरे बिन लादेन' और 'परमाणु: द स्टोरी ऑफ पोखरण' जैसी फिल्मों के निर्देशक अभिषेक शर्मा से बातचीत कर रहे हैं।