हनी सिंह के खिलाफ कोर्ट पहुंचीं नीतू चंद्रा, उनके गाने 'मैनिएक' पर रोक की मांग की
क्या है खबर?
रैपर योयो हनी सिंह कानून पचड़े में फंसते दिख रहे हैं। दरअसल, जानी-मानी अभिनेत्री नीतू चंद्रा ने उनके गानों के खिलाफ कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
उन्होंने पटना हाई कोर्ट में एक लोकहित याचिका दायर कर अश्लील गानों पर रोक लगाने और उन पर कार्रवाई करने की मांग की है।
अभिनेत्री ने हनी के गाने 'मैनिएक' को लेकर यह अर्जी दायर की है।
अपनी याचिका में नीतू ने क्या कहा, आइए जानते हैं।
याचिका
गाने में औरतों का अश्लील चित्रण- नीतू
अभिनेत्री ने हनी के नए गाने 'मैनिएक' पर रोक लगाने की मांग की है। याचिका में कहा गया है कि योयो हनी सिंह उर्फ हिर्देश सिंह द्वारा बनाए गाने 'मैनिएक' में काफी अश्लीलता है। इसमें औरतों का अश्लील ढंग से चित्रण किया गया है। उनका उपभोग की वस्तु की तरह व्यवसायीकरण किया गया है। औरतों को 'सेक्स सिंबल' के रूप में दिखाया गया है। गानों के द्विअर्थी शब्दों से इसकी अश्लीलता और बढ़ जाती है।
ऐतराज
भोजपुरी गानों पर भी जताई आपत्ति
याचिका के मुताबिक, इन गानों का असर बच्चों, महिलाओं और अन्य समाज के सभी वर्गों पर पड़ता है। भोजपुरी भाषा के शब्दों के उपयोग से महिलाओं का बहुत खराब चित्रण किया गया है। इस जनहित याचिका में ये भी कहा गया है कि महिलाओं के लिए गंदी बातों और अपशब्दों का इस्तेमाल खुलेआम भोजपुरी गानों में भी किया जा रहा है। इन पर न तो कोई रोक है और ना ही किसी तरह के दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
सुनवाई
7 मार्च को होगी सुनवाई
याचिका में कहा गया कि भारतीय संविधान के मूलभूत अधिकारों में बोलने और अपनी भावनाओं को व्यक्त करने का अधिकार है, लेकिन इसकी भी सीमा है। पटना हाई कोर्ट ने इस मामलें की सुनवाई की तिथि 7 मार्च, 2025 निर्धारित की है।
बता दें कि हनी के गाने 'मैनिएक' में ईशा गुप्ता भी दिख रही हैं। 'मैनिएक' की रिलीज को 11 दिन से ज्यादा का समय हो चुका है। इसे यूट्यूब पर 7 करोड़ से ज्यादा लोग देख चुके हैं।
परिचय
कौन हैं नीतू चंद्रा?
नीतू ने बॉलीवुड में अपने अभिनय की शुरुआत 2005 में अक्षय कुमार और जॉन अब्राहम की फिल्म 'गरम मसाला' से की थी।
उन्होंने 'ट्रैफिक सिग्नल', '13बी', 'ओए लकी! लकी ओए!' जैसी फिल्मों में भी काम किया है।
नीतू का खुद का प्रोडक्शन हाउस, 'चंपारण टॉकीज' भी है। वह फिल्म मिथिला मखान के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीत चुकी हैं।
नीतू ने साल 2021 में फिल्म 'नेवर बैक डाउन: रिवोल्ट' से हॉलीवुड में कदम रखा था। यह उनकी आखिरी फिल्म थी।