LOADING...
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता संचारी विजय का निधन, सड़क दुर्घटना में हुए थे घायल
संचारी विजय

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता संचारी विजय का निधन, सड़क दुर्घटना में हुए थे घायल

Jun 14, 2021
05:56 pm

क्या है खबर?

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों से सम्मानित कन्नड अभिनेता संचारी विजय का निधन हो गया है। विजय शनिवार को बेंगलुरु में बाइक चलाते वक्त एक एक्सीडेंट में घायल हो गए थे। इसके बाद उन्हें एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इलाज के दौरान 38 वर्षीय अभिनेता ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। बताया गया है कि उनके दिमाग में गंभीर चोट लगी थी। इमरजेंसी में उनके दिमाग की सर्जरी करने के बावजूद विजय को बचाया नहीं जा सका।

प्रतिक्रिया

साउथ अभिनेता किच्चा सुदीप ने व्यक्त की भावनाएं

विजय की मौत की खबर आने के बाद फिल्म जगत में शोक की लहर उमड़ पड़ी है। साउथ अभिनेता किच्चा सुदीप ने सोशल मीडिया पर एक्टर विजय के निधन की जानकारी शेयर की है। उन्होंने अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा, ' यह स्वीकार करना बेहद निराशाजनक है कि विजय नहीं रहे। इस लॉकडाउन में उनसे दो बार मुलाकात हुई। वे अपनी अगली फिल्म के लिए उत्साहित थे, जो अभी रिलीज होनी है। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति संवेदनाएं।'

ट्विटर पोस्ट

अभिनेता किच्चा का ट्विटर पोस्ट

सूचना

परिवार वालों ने किया अंगदान का फैसला

इस घटना के बाद दिवंगत विजय के परिवार वालों ने अभिनेता के अंगदान का फैसला किया है। विजय के भाई सिद्देश कुमार ने मीडिया को बताया, "डॉक्टर्स ने हमें बताया है कि उनका ब्रेन स्टेम फेल हो गया और उनके बचने की संभावनाएं बेहद कम हैं। जैसा कि आप जानते हैं कि उन्होंने समाज की भलाई के लिए काम किया। वह कोरोना महामारी में भी 24 घंटे काम करते रहे। इसलिए हमने उनके अंगदान करने का फैसला लिया है।"

जानकारी

ऐसे हुई थी यह दुर्घटना

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार की रात 11:45 बजे यह दुर्घटना हुई है। विजय अपने दोस्त नवीन के साथ बाइक की पिछली सीट पर बैठकर दवा खरीदने जा रहे थे। इसी दरमियान बारिश के कारण बाइक फिसल गई और बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में नवीन का पैर फ्रैक्चर हुआ, वहीं विजय की जांघ और सिर में गंभीर चोटें आई थीं। लॉकडाउन में रात को घर से निकलने के मामले में नवीन पर केस दर्ज किया गया है।

करियर

ऐसा रहा विजय का फिल्मी सफर

विजय ने अपने अभिनय की शुरुआत 2011 में आई फिल्म 'रंगप्पा होगबिटना' से की थी। उन्हें कनार्टक सिनेमा का लोकप्रिय थिएटर कलाकार के रूप में जाना जाता था। उन्होंने अपना संचारी सरनेम उस ग्रुप से लिया था, जिससे वह फिल्मों में आने से पहले तक जुड़े हुए थे। 'नानू अवनाल्ला ...अवालू' उनकी लोकप्रिय फिल्म है, जिसके लिए उन्हें बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड मिला था। फिल्म के लिए उन्हें कर्नाटक स्टेट फिल्म अवॉर्ड भी मिला है।