Page Loader
नसीरुद्दीन शाह बोले- मुगलों में सबकुछ बुरा नहीं था, महिमामंडन भी नहीं होना चाहिए
नसीरुद्दीन शाह ने मुगलों पर दिया बयान

नसीरुद्दीन शाह बोले- मुगलों में सबकुछ बुरा नहीं था, महिमामंडन भी नहीं होना चाहिए

Feb 25, 2023
02:27 pm

क्या है खबर?

हिंदी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता नसीरुद्दीन शाह अपने बयानों के कारण अक्सर आलोचकों के निशाने पर रहते हैं। सोशल मीडिया और ट्रोलिंग के इस दौर में उनका बयान तुरंत विवाद बन जाता है। हालांकि, इन सबके बावजूद अभिनेता अपने विचारों को व्यक्त करने से नहीं कतराते हैं। एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने मुगलों पर बात की। उनका मानना है कि मुगलों ने सबकुछ बुरा ही नहीं किया, उनका महिमामंडन नहीं होना चाहिए, लेकिन उन्हें खलनायक भी नहीं बनाना चाहिए।

बयान

लोग अकबर और नादर शाह में अंतर नहीं बता सकते- शाह

इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में नसीरुद्दीन ने कहा, "यह मजेदार है क्योंकि यह अजीब है कि लोग अकबर और नादर शाह जैसे खूंखार आक्रमणकारियों के बीच का अंतर नहीं बता सकते। ये लोग यहां लूटपाट करने आए थे। मुगल यहां लूटने नहीं, इसे अपना घर बनाने आए थे और उन्होंने वही किया। उनके योगदान को कौन खारिज कर सकता है?" शाह के अनुसार, अगर किसी को मुगलों में सिर्फ बुराई दिखती है तो यह उनके ज्ञान की कमी है।

महिमामंडन

शाह ने माना, मुगलों का किया गया महिमामंडन

शाह मानते हैं कि इतिहास की किताबों में मुगलों का महिमामंडन किया गया, जिससे भारतीय शासकों का इतिहास दब गया। बकौल शाह, "किताबों में मुगल और अंग्रेजों के बारे में पढ़ाया गया, लेकिन लोग गुप्ता वंश, मौर्य वंश, विजयनगर साम्राज्य और अजंता की गुफाओं के बारे में नहीं जानते। इसलिए लोग जो कह रहे हैं, वह थोड़ा सही भी है। मुगलों का महिमामंडन किया गया। इससे हमारे यहां का इतिहास दब गया, जो ठीक नहीं है।"

सवाल

शाह ने उठाया यह सवाल

शाह ने सवाल उठाया कि अगर मुगलों में सबकुछ बुरा था तो उनकी बनवाई इमारतों का इतना सम्मान क्यों किया जाता है। शाह ने आगे कहा, "अगर जो कुछ भी उन्होंने किया, वह सबकुछ बुरा था तो ताजमहल गिरा दीजिए, लाल किला गिरा दीजिए। हम लाल किले को पवित्र क्यों मानते हैं? उसे मुगलों ने बनवाया था। हमें उनका महिमामंडन करने की जरूरत नहीं है, लेकिन उन्हें खलनायक भी मत बनाइए।"

ताज: डिवाइडेड बाई ब्लड

अकबर के किरदार में नजर आएंगे शाह

नसीरुद्दीन शाह जल्द ही ZEE5 की वेब सीरीज 'ताज: डिवाइडेड बाई ब्लड' में नजर आएंगे। इस सीरीज में वह मुगल बादशाह अकबर के किरदार में नजर आएंगे। इसका प्लॉट मुगल बादशाह अकबर के अपने लिए उचित उत्तराधिकारी ढूंढने पर आधारित है। साथ ही अकबर के शासन काल की खूबसूरती और क्रूरता को भी दिखाया जाएगा। इस शो में अदिति राव हैदरी, धर्मेंद्र, राहुल बोस और जरीना वहाब जैसे कलाकार नजर आएंगे। यह शो 3 मार्च को रिलीज होगा।