महिलाओं पर टिप्पणी कर विवादों में फंसे मुकेश खन्ना, लोगों ने किया ट्रोल
क्या है खबर?
दिग्गज अभिनेता मुकेश खन्ना ने 90 के दशक में धारावाहिक 'शक्तिमान' से घर-घर में अपनी पहचान बनाई थी। फिल्मों के अलावा वह अपने बयानों को लेकर भी सुर्खियां बटोरते रहते हैं।
अब उन्होंने महिलाओं को लेकर एक ऐसी टिप्पणी कर दी है, जिससे वह विवाद में फंस गए हैं।
दरअसल, उन्होंने कहा है कि अगर कोई लड़की सेक्स करना चाहती है, तो इसका मतलब है कि वह धंधा कर रही है।
बयान
"अगर लड़की कहे कि वह सेक्स करना चाहती है, तो वह धंधा कर रही है"
मुकेश ने हाल ही में अपने यूट्यूब चैनल भीष्म इंटरनेशनल पर एक वीडियो अपलोड किया है। उन्होंने अपने वीडियो के टाइटल में लिखा है, 'क्या आपको भी ऐसी लड़कियां लुभाती हैं?'
इसी वीडियो में उन्होंने महिलाओं को लेकर ऐसी बातें की हैं, जिसके चलते उनका विरोध शुरू हो गया है।
उन्होंने वीडियो में कहा, "कोई भी लड़की अगर किसी लड़के को कहे कि मैं तुम्हारे साथ सेक्स करना चाहती हूं, तो वो लड़की, लड़की नहीं है, वो धंधा करती है।"
प्रतिक्रिया
ऐसी निर्लज बातें कोई सभ्य समाज की लड़की कभी नहीं करेगी- मुकेश
मुकेश ने बताया कि लोगों को इस धंधे से बचना चाहिए। उन्होंने इसे समाज के लिए नुकसानदेह कहा है।
उन्होंने आगे कहा, "इस तरह की निर्लज बातें कोई सभ्य समाज की लड़की कभी नहीं करेगी। अगर वो करती है, तो वो सभ्य समाज की नहीं है। उसका धंधा है यह। उसमें भागीदार मत बनिए। इसलिए मैं कहता हूं कि ऐसी लड़कियों से बचो।"
उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।
ट्रोलिंग
सोशल मीडिया पर मुकेश को किया जा रहा ट्रोल
कई लोग सोशल मीडिया पर मुकेश के बयान की निंदा कर रहे हैं। उन्हें ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ रहा है।
एक यूजर ने अपने कमेंट में लिखा, 'माफ करिएगा शक्तिमान।' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'क्षमा करें शक्तिमान, इस बार आप यहां गलत कर रहे हैं।'
एक व्यक्ति ने कमेंट किया, 'लड़कों के बारे में आपका क्या ख्याल है?।' एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा, 'सॉरी शक्तिमान। हमारा धंधा बंद मत करवाओ।'
अन्य विवाद
मुकेश ने औरतों को बताया था MeToo की वजह
यह पहली बार नहीं है, जब मुकेश महिलाओं पर बयान देकर लोगों के निशाने पर आ गए हैं। उन्होंने अपने एक बयान में कहा था कि औरतों का बाहर निकलर काम करना MeToo की वजह है।
उन्होंने कहा था, "मर्द अलग होता है औरत अलग होती है। औरत का काम होता है घर संभालना। माफ करना मैं कभी-कभी बोल जाता हूं कि प्रॉब्लम कहां से शुरू हुई है MeToo की, जब औरतों ने भी काम करना शुरू कर दिया।"
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
मुकेश ने 'शक्तिमान' के अलावा भी बॉलीवुड के कई प्रोजेक्ट्स में काम किया है। उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत फिल्म 'रूही' से की, जो 1981 में रिलीज हुई थी। मुकेश ने हिंदी फिल्मों के अलावा मलयालम, मराठी और तेलुगु सिनेमा में भी काम किया।