LOADING...
प्रियंका चोपड़ा ने समर्थन में आईं बहन मीरा चोपड़ा, जानें और किसने क्या कहा
प्रियंका चोपड़ा के समर्थन में आए ये सितारे (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@priyankachopra)

प्रियंका चोपड़ा ने समर्थन में आईं बहन मीरा चोपड़ा, जानें और किसने क्या कहा

Mar 29, 2023
11:33 am

क्या है खबर?

मंगलवार को प्रियंका चोपड़ा के बॉलीवुड छोड़ने के बयान की दिनभर चर्चा रही। एक पॉडकास्ट में प्रियंका ने बताया था कि बॉलीवुड में उन्हें दरकिनार किया जा रहा था। वह इंडस्ट्री की राजनीति से परेशान हो गई थीं, इसलिए उन्होंने हॉलीवुड का रुख किया। प्रियंका के इस बयान ने इंडस्ट्री में सनसनी मचा दी। प्रियंका की बहन मीरा चोपड़ा समेत कई सितारों ने खुलकर उनका समर्थन किया। जानिए प्रियंका के बयान पर किसने क्या कहा।

बयान

क्या कहा था प्रियंका ने?

प्रियंका ने एक अमेरिकी पॉडकास्ट में बताया था कि बॉलीवुड में उन्हें अच्छी भूमिकाएं नहीं मिल रही थीं और वह इंडस्ट्री की राजनीति के बीच संघर्ष कर रही थीं। उसी दौरान उनकी मैनेजर अंजुला आचार्य ने उन्हें वेस्ट में गाने में किस्मत आजमाने की बात कही। उन्होंने कहा, "बॉलीवुड में मुझे एक कोने में धकेला जा रहा था। कुछ लोगों के साथ मेरी अनबन हुई। मैं राजनीति से थक गई थी और मुझे लगा कि मुझे ब्रेक चाहिए।"

मीरा चोपड़ा 

प्रियंका ने जो हासिल किया, यह उनके चेहरों पर तमाचा है- मीरा

प्रियंका की कजन मीरा ने उनके समर्थन में ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, 'एक आउटसाइडर कितना भी सफल बन जाए, वह आउटसाइडर ही रहेगा। अगर वे रूल बुक के हिसाब से नहीं चलते, तो उन्हें अलग-थलग करना कभी नहीं रुकेगा। प्रियंका ने जो हासिल किया है वह उनके चेहरों पर जोरदार तमाचा है।' मीरा और प्रियंका के बीच अनबन की खबरों ने भी सुर्खियां बटोरी थीं। हालांकि, बाद में उन्होंने साफ किया था कि उनके बीच कोई मनमुटाव नहीं है।

Advertisement

अमाल मलिक

मैं इसका सामना रोज करता हूं- अमाल मलिक

संगीतकार अमाल मलिक ने प्रियंका के बयान का हवाला देते हुए आपबीती सुनाई। अमाल ने लिखा, 'मैं इसका सामना रोज करता हूं। प्रशंसक मुझसे पूछते हैं कि मैं अब बॉलीवुड फिल्मों में ज्यादा काम क्यों नहीं करता, तो अब आपको पता चल गया? बॉलीवुड में गुटबाजी और चाटुकारिता की बातें सामने आने की जरूरत हैं। देखिए, उन्होंने इस अद्भुत महिला के साथ क्या करने की कोशिश की।' इसके साथ अमाल ने प्रियंका के बयान से जुड़ी एक खबर साझा की।

Advertisement

अपूर्व असरानी

सबको पता था, पर किसी ने कुछ नहीं कहा- अपूर्व असरानी

लेखक अपूर्व असरानी ने भी प्रियंका के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, 'आखिरकार प्रियंका ने वो बोल दिया जो हर कोई जानता था, लेकिन किसी ने कुछ नहीं कहा। न ही उदारवादियों ने, न ही महिलावादियों ने इस पर कुछ कहा। सब उनका समर्थन करते रहे जो प्रियंका को बहिष्कृत कर रहे थे। वे उस 'राजा' के साथ बने रहे। यह बड़ी जीत है कि प्रियंका का हाल परवीन बाबी या सुशांत सिंह जैसा नहीं हुआ।'

विवेक अग्निहोत्री 

विवेक अग्निहोत्री ने 'दबंगों' पर कही ये बात

फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री ने प्रियंका के बयान की एक खबर साझा करते हुए लिखा, 'जब बड़े दबंग दबंगई करते हैं, तो कुछ घुटने टेक देते हैं, कुछ आत्मसमर्पण कर देते हैं, कुछ हार मान लेते हैं, कुछ ड्रग्स लेते हैं, कुछ की जान भी चली जाती है। दबंगों के इस 'नहीं रहा सकने' वाले गिरोह के खिलाफ, बहुत कम लोग सफलता का अपना ब्रह्मांड बनाते हैं। वो वास्तविक जीवन के सितारे हैं।'

कंगना रनौत

कंगना ने करण जौहर पर साधा निशाना

प्रियंका का बयान सामने आते ही उन्हें बॉलावुड से उनकी को-स्टार रह चुकीं कंगना रनौत का समर्थन मिला। कंगना ने सीधा करण जौहर पर निशाना साधते हुए लिखा कि सबको पता है कि करण ने प्रियंका को प्रतिबंधित कर दिया था। अभिनेत्री ने लिखा, 'एक महिला, जिसने खुद के दम पर अपना मुकाम हासिल किया था, को भारत छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया। सब जानते हैं कि करण ने उन पर प्रतिबंध लगाया था।'

Advertisement