Page Loader
मानुषी का पहली फ्लॉप फिल्म के बाद छलका दर्द, बोलीं- लोग सोचते हैं अगली ऐश्वर्या बनूंगी
मानुषी छिल्लर ने की अपनी पहली फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' की असफलता पर बात (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@manushi_chhillar)

मानुषी का पहली फ्लॉप फिल्म के बाद छलका दर्द, बोलीं- लोग सोचते हैं अगली ऐश्वर्या बनूंगी

Jul 10, 2023
12:28 pm

क्या है खबर?

पूर्व विश्व सुंदरी मानुषी छिल्लर ने फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' से बॉलीवुड में अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। उनकी पहली फिल्म का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार था। हालांकि, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फेल हो गई। हाल ही में मानुषी ने अपनी इस फिल्म की असफलता और इसके बाद मिली लोगों की प्रतिक्रिया पर खुलकर बात की। उन्होंने यह भी बताया कि इंडस्ट्री के लोगों ने उन्हें क्या सलाह दी थी। आइए जानते हैं क्या कुछ बोलीं मानुषी।

दिल की बात

पहली फिल्म की असफलता पर मानुषी ने कही ये बात

हिन्दुस्तान टाइम्स को दिए हालिया इंटरव्यू में मानुषी ने फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' के फ्लॉप होने पर कहा, "मैंने जिंदगी में जो चाहा, मुझे वो मिला है। मुझे नहीं पता था कि फिल्म असफल हो जाएगी। मैंने इसके लिए कड़ी मेहनत की थी और जब फिल्म नहीं चली तो मैं बहुत निराश हो गई।" उन्होंने कहा, "एक कलाकार के तौर पर आप अपनी तरफ से बेहतरीन कर सकते हैं, लेकिन परिणाम और दर्शक आपके नियंत्रण से बाहर होते हैं।"

बयान

"इंडस्ट्री में बहुत प्रतिसपर्धा है"

मानुषी ने कहा, "आप मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता जीतती हैं, लेकिन अभिनय में आपको शून्य से शुरुआत करनी होती है। लोग सोचते हैं कि अब आप मिस वर्ल्ड बन गई हैं और कुछ भी हासिल कर सकती हैं। आप अगली ऐश्वर्या राय बनेंगी, लेकिन ऐसा नहीं होता। मंजिल पाना इतना आसान नहीं।" उन्होंने कहा, "फिल्म उद्योग बहुत अलग है और यहां बहुत प्रतिस्पर्धा है। मिस वर्ल्ड जीवन में एक बार मिलने वाला अनुभव था, अभिनय एक पेशा है।"

दो टूक

मानुषी बोलीं- आगे का रास्ता अपने बलबूते तय करना है

मानुषी ने आगे कहा, "माना कि मिस वर्ल्ड का ताज पहनने के बाद मुझे बॉलीवुड में ब्रेक आसानी से मिल गया, लेकिन मैं हूं बाहरी ही और मेरे लिए चीजें आसान नहीं हैं। यह अपने साथ ही कई चुनौतियां लेकर आता है। आगे का रास्ता मुझे अपने ही दम पर तय करना है।" उन्होंने कहा, "अब मेरे मिस वर्ल्ड बनने या सौंदर्य प्रतियोगिता से मेरे आगे का सफर का कोई वास्ता नहीं है। अब सब खुद पर निर्भर करता है।"

सुझाव

यशराज फिल्म्स ने दी ज्यादा मेहनत करने की सलाह

मानुषी ने कहा, "इंडस्ट्री में लोगों की ऐसी धारणा है कि सौंदर्य प्रतियोगिता जीत चुकीं हसीनाएं फिल्मी दुनिया में अपना सिक्का नहीं जमा सकतीं, जबकि ऐसा नहीं है। प्रियंका चोपड़ा और ऐश्चर्या उदाहरण के लिए काफी हैं।" उन्होंने कहा, "जब मैं बॉलीवुड आई तो मुझसे भी यही गया कि ब्यूटी क्वीन बनीं हसीनाएं अभिनय नहीं कर सकतीं। यहां तक ​​कि यशराज फिल्म्स से जुड़े लोगों ने भी यही सलाह दी कि मुझे इसके चलते थोड़ी ज्यादा मेहनत करनी होगी।"

आगामी फिल्में

मानुषी के करियर पर नहीं लगा ब्रेक, कतार में हैं ये फिल्में

मानुषी की पहली फिल्म फ्लॉप हुई, लेकिन उन्हें यह सोचकर तसल्ली मिलती है कि उनके पास काम है। जल्द ही मानुषी, अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ के साथ फिल्म 'बड़े मियां छोटे मियां' में नजर आएंगी। वह इसमें हैकर की भूमिका निभाने वाली हैं। जॉन अब्राहम के साथ फिल्म 'तेहरान' में मानुषी काे देखा जाएगा। वह विक्की कौशल के साथ फिल्म 'द ग्रेट इंडियन फैमिली' में दिखेंगी। इसके अलावा 'VT13' से मानुषी तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में कदम रख रही हैं।