
मनोज बाजपेयी के पिता की हालत गंभीर, शूटिंग छोड़ केरल से दिल्ली रवाना हुए अभिनेता
क्या है खबर?
अभिनेता मनोज बाजपेयी के पिता अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मनोज बाजपेयी को जब यह खबर दी गई तो वह केरल में अपने अगले प्रोजेक्ट की शूटिंग कर रहे थे।
पिता के अस्पताल में भर्ती होने की बात सुनते ही वह केरल से फौरन दिल्ली के लिए रवाना हुए। सोशल मीडिया पर मनोज बाजपेयी के प्रशंसक उनके पिता के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं।
आइए पूरी खबर जानते हैं।
रिपोर्ट
गंभीर हालत में कराया अस्पताल में भर्ती
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, मनोज के पिता को गंभीर हालत में दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। केरल में जब उन्हें पिता की हालत के बारे में पता चला, वह फौरन दिल्ली की फ्लाइट पकड़कर पिता के पास पहुंचे।
मनोज के पिता का नाम राधाकांत बाजपेयी हैं, जो 83 साल के हैं। वह एक किसान हैं और सादा जीवन जीना पसंद करते हैं। तभी तो बेटे के एक्टर बनने के बाद भी वह मायानगरी से हमेशा दूर रहे।
जानकारी
जून में भी बिगड़ी थी मनोज के पिता की तबीयत
इस साल जून में मनोज के पिता की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उस समय भी मनोज सब कुछ छोड़-छाड़ कर अपने पैतृृक गांव पहुंच गए थे।
उन्होंने कहा था, "फिल्में होती रहेंगी, लेकिन पिता के साथ समय गुजाराना सबसे बड़ी दौलत है। जीवन में काम से फुरसत कभी नहीं मिलने वाली है। पिता की सेवा करना पुत्र का धर्म है।"
मनोज काम से वक्त निकालकर समय-समय पर अपने पिता से मिलने जाते रहते हैं।
लगाव
अपने पिता के बेहद करीब हैं मनोज
मनोज ने बताया था, "मैं अपने पिता के बेहद करीब हूं। मेरे पिता ने मेरी और मेरे भाई-बहन की पढ़ाई के लिए खूब संघर्ष किया है। उन्होंने अपने पसंदीदा एक्टर मनोज कुमार के नाम पर मेरा नाम मनोज रखा था।"
मनोज कई बार पिता से जुड़े किस्से साझा कर चुके हैं। उन्होंने बताया था कि जब वह फिल्म 'शूल' की शूटिंग कर रहे थे तो उनके पिता सेट पर पहुंच गए और भीड़ में खड़े होकर शूटिंग देखने लगे।
चर्चा
इन फिल्मों को लेकर सुर्खियों में हैं मनोज बाजपेयी
मनोज मलयालम क्राइम थ्रिलर फिल्म 'कुरूप' को लेकर सुर्खियों में हैं। फिलहाल इस फिल्म के पोस्ट प्रोडक्शन का काम चल रहा है।
वह निर्देशक कन्नू बहल की फिल्म 'डिस्पैच' में भी मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। पत्रकार की कहानी पर आधारित इस फिल्म मेंं मनोज एक क्राइम रिपोर्टर का किरदार निभाएंगे।
मनोज जल्द ही नेटफ्लिक्स की एक ब्लैक कॉमेडी थ्रिलर वेब सीरीज में नजर
आएंगे। इस सीरीज में उनके साथ दक्षिण भारतीय अभिनेता नास्सर भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे।