मलयालम निर्देशक रंजीत को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया, जानिए क्या है मामला
क्या है खबर?
मशहूर मलयालम निर्देशक रंजीत को कोच्चि की एक अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। 31 मार्च की शाम को उन्हें शहर के इडुक्की जिले से गिरफ्तार किया गया था। पहले निर्देशक को थोडुपुझा पुलिस स्टेशन ले जाया गया। इसके बाद उन्हें कोच्चि पुलिस को सौंपा गया था। पुलिस द्वारा यह कार्रवाई एक युवा महिला अभिनेत्री की शिकायत के बाद की गई है, जिसने रंजीत पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
मामला
क्या है मामला?
शहर के थोडुपुझा की महिला अभिनेत्री ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि एक फिल्म शूटिंग के दौरान रंजीत ने कथित तौर पर उसके साथ यौन उत्पीड़न की कोशिश की। शिकायत के अनुसार, शूटिंग के दौरान निर्देशक ने महिला को कारवां में बुलाया और उसके साथ गलत व्यवहार करने की कोशिश की। उधर, निर्देशक का दावा है कि उन्हें इस मामले में फंसाया गया है। रंजीत के वकील ने मीडिया को बताया कि जमानत याचिका अदालत में दायर की जाएगी।
आरोप
रंजीत पर पहले भी लगा है आरोप
रंजीत पर यौन उत्पीड़न का आरोप कोई नया नहीं है। मलयालम सिनेमा में यौन उत्पीड़न मामलों की जांच कर रही जस्टिस हेमा समिति की रिपोर्ट आने के बाद, रंजीत के खिलाफ यौन उत्पीड़न के 2 मामले 2024 में दर्ज किए गए थे। एक मामले में, बंगाली अभिनेत्री ने आरोप लगाया था कि फिल्म 'पलेरी माणिक्यम' (2009) की शूटिंग के दौरान निर्देशक ने उनके साथ गलत व्यवहार किया। हालांकि, केरल हाई कोर्ट ने 2025 में इस मामले को खारिज किया था।