Page Loader
जल्द ही 'भूल भुलैया 3' और 'कबीर सिंह 2' की हो सकती है घोषणा
जल्द ही इन फिल्मों की हो सकती है घोषणा।

जल्द ही 'भूल भुलैया 3' और 'कबीर सिंह 2' की हो सकती है घोषणा

May 27, 2022
07:13 pm

क्या है खबर?

कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी स्टारर 'भूल भुलैया 2' कोरोना महामारी के बाद पहली बॉलीवुड फिल्म है जो दर्शक बटोरने में सफल रही है। दूसरे वीकेंड पर फिल्म 100 करोड़ का आंकड़ा छू रही है। फिल्म की सफलता से गदगद निर्माता अब 'भूल भुलैया 3' पर विचार कर रहे हैं। पिंकविला को दिए एक इंटरव्यू में निर्माता भूषण कुमार और मुराद खेतानी ने फिल्म की फ्रैंचाइजी को बढ़ाने की इच्छा जाहिर की है।

कबीर सिंह

'कबीर सिंह' का भी बनेगा सीक्वल

'भूल भुलैया 3' के अलावा भूषण 'कबीर सिंह' को भी फ्रेचाइजी में बदलने का सोच रहे हैं। निर्माताओं को लगता है कि 'कबीर सिंह' एक आइकॉनिक किरदार है। ऐसे में इस फिल्म का सीक्वल बनाना काफी रोमांचक होगा। शाहिद कपूर और कियारा आडवाणी स्टारर यह फिल्म रिलीज के वक्त काफी विवादों में रही थी। फिल्म में एक डॉक्टर का इस तरह का रवैया दिखाने को लेकर लोगों में नाराजगी थी। वहीं फिल्म को महिला विरोधी भी कहा गया था।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

'कबीर सिंह' साल 2019 में आई थी। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 379 करोड़ रुपये कमाए थे। यह तेलुगू फिल्म 'अर्जुन रेड्डी' का रीमेक थी। वहीं, भूल भुलैया साल 2007 में आई थी। यह फिल्म भी मलयालम फिल्म 'मणिचित्रतजु' की रीमेक है।

अभिनेत्री

दोनों ही फिल्मों में हैं कियारा आडवाणी

'भूल भुलैया 2' और 'कबीर सिंह' दोनों ही फिल्मों में कियारा आडवाणी ने अभिनय किया है। ऐसे में कियारा के लिए यह दोहरी खुशी का मौका है। कियारा लगातार अपनी नई फिल्मों में बड़े पर्दे पर अपनी छाप छोड़ रही हैं। उनकी आने वाली फिल्म 'जुग जुग जियो' चर्चा में है। 'शेरशाह' के बाद कियारा आडवाणी की लोकप्रियता काफी बढ़ गई। कियारा ने 2014 में फिल्म 'फुगली' से अपना डेब्यू किया था। 'एमएस धोनी' से उनको नई पहचान मिली।

आशिकी 3

'आशिकी 3' की भी हो सकती है घोषणा

'भूल भुलैया' और 'कबीर सिंह' के अलावा मेकर्स ने 'आशिकी' फ्रैंचाइज में भी एक नई फिल्म जोड़ सकते हैं। जल्द ही फैन्स के लिए 'आशिकी 3' की घोषणा हो सकती है। फिल्म 'आशिकी' 1990 में रिलीज हुई थी। राहुल रॉय और अनु अग्रवाल की जोड़ी ने सबका दिल जीत लिया था। 13 साल बाद 2013 में 'आशिकी 2' आई। 15 करोड़ में बनी इस फिल्म ने 109 करोड़ रुपये कमाए थे। अब मेकर्स इसी सफलता को फिर दोहराना चाहते हैं।

फ्रैंचाइजी

फिल्म हिट होने के बाद बन जाती है फ्रैंचाइजी

बॉलीवुड में एक फिल्म के हिट हो जाने पर अकसर उसकी फ्रैंचाइजी भी सफल हो जाती है। 2004 में आई फिल्म 'धूम' की फ्रैंचाइज में तीन सफल फिल्में हैं। पहली बार 'गोलमाल' 2006 में आई थी। इसके बाद इस फ्रैंचाइजी की तीन और फिल्में, 'गोलमाल रिटर्न्स', 'गोलमाल 3' और 'गोलमाल अगेन' ने भी धमाल मचाया । 'सिंघम', 'हाउसफुल', 'हेरा फेरी', 'जॉनी LLB' जैसी लोकप्रिय फ्रैंचाइजी भी इस लिस्ट में शामिल हैं।