Page Loader
जन्मदिन विशेष: बचपन से गायकी की शौकीन थीं सुनिधि चौहान, सुनिए उनके ये सुपरहिट गाने
सुनिधि चौहान के जन्मदिन पर सुनिए उनके ये बेहतरीन गाने

जन्मदिन विशेष: बचपन से गायकी की शौकीन थीं सुनिधि चौहान, सुनिए उनके ये सुपरहिट गाने

लेखन मेघा
Aug 14, 2023
07:35 am

क्या है खबर?

मशहूर गायिका सुनिधि चौहान ने अपनी आवाज के बल पर इंडस्ट्री में एक अलग पहचान बनाई है। बचपन से गायकी का शौक रखने वाली सुनिधि ने 5 साल की उम्र से ही पिता के साथ स्टेज शो करना शुरू कर दिया था। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड का रुख किया और कई शानदार गानों को आवाज देकर छा गईं। 14 अगस्त, 1983 को दिल्ली में जन्मी सुनिधि आज अपना जन्मदिन मना रही हैं। आइए उनके यादगार गानों पर नजर डालते हैं।

#1

'ऐ वतन'

2018 में आई मेघना गुलजार की फिल्म 'राजी' का गाना 'ऐ वतन' देशभक्ति से लबरेज है, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया है। आलिया भट्ट पर फिल्माए गए इस गाने को सुनिधि ने अपनी आवाज के जादू से संवारा है। इस गाने को गुलजार ने लिखा है और शंकर एहसान लॉय ने संगीत दिया है। फिल्म अंडरकवर एजेंट सहमत की कहानी है, जिसकी शादी एक पाकिस्तानी परिवार में करा दी जाती है ताकि भारत को हमले से बचाया जा सके।

#2

'ले डूबा'

2018 में आई फिल्म 'अय्यारी' का गाना 'ले डूबा' बेहद ही प्यारा है, जिसे सुनिधि ने अपनी खूबसूरत आवाज से सजाया है। इस गाने के बोल दो लोगों के बीच प्यार की हो रही शुरुआत को बखूबी दर्शाते हैं, जिसने लोगों का दिल जीत लिया था। इस गाने को मनोज मुंतशिर ने लिखा है तो इसे संगीत रोचक कोहली ने दिया है। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और रकुल प्रीत सिंह मुख्य भूमिका में नजर आए थे।

#3

'इश्क सूफियाना'

2011 में आई फिल्म 'द डर्टी पिक्चर' का गाना 'इश्क सूफियाना' आज भी लोगों को काफी पसंद आता है। इमरान हाशमी और विद्या बालन पर फिल्माए गए इस गाने के बोल हर प्यार करने वाले को रोमांचित कर देते हैं। इस गाने को संगीत विशाल ददलानी और शेखर रवजियानी ने दिया है, वहीं रजत अरोड़ा ने इसे लिखा हैं। यह गाना सुनिधि की बेहतरीन गानों की सूची में शुमार है, जिसे आज भी लोगों का ढेर सारा प्यार मिलता है।

#4

'बीड़ी जलइले'

सुनिधि की आवाज में ऐसा जादू है कि वह हर तरह के गानों को बखूबी निभाती हैं और जब आइमट सॉन्ग की बात आए तो वह अलग ही समां बांध देती हैं। फिल्म 'ओमकारा' के गाने 'बीड़ी जलइले' को बिपाशा बसु पर फिल्माया गया था, जिसने लोगों का दिल जीत लिया था। गुलजार की कलम से लिखे गए इस गाने को आज भी पसंद किया जाता है। फिल्म में अजय देवगन, सैफ अली खान और करीना कपूर भी शामिल थे।

#5

'कमली'

2013 में रिलीज हुई फिल्म 'धूम 3' के गाने 'कमली' में कैटरीना कैफ का जबरदस्त डांस देखने को मिला था। साथ ही अभिनेत्री की आमिर खान के साथ भी गजब की केमिस्ट्री दिखाई दी थी। सुनिधि की शानदार आवाज ने इस गाने को और भी रोमांचक बना दिया था। यह कमाल का डांस नंबर है, जिसपर आज भी लोग खुद को थिरकने से नहीं रोक पाते हैं। यह गाना अक्सर ही शादी-पार्टी में आपको सुनने के लिए मिल जाएगा।