Page Loader
मशहूर कोरियोग्राफर 'गीता मां' से जुड़ी दिलचस्प बातें
'गीता मां' के बारे में खास बातें (फोटो: इंस्टाग्राम/@geeta_kapurofficial)

मशहूर कोरियोग्राफर 'गीता मां' से जुड़ी दिलचस्प बातें

Jul 05, 2022
12:34 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड की जानी-मानी कोरियोग्राफर गीता कपूर ने फिल्मों के अलावा टीवी से भी अपनी खास पहचान बनाई है। उनके फॉलोवर्स प्यार से उन्हें 'गीता मां' कहकर बुलाते हैं और वो लंबे समय से डांस रिएलिटी शो में नजर आ रही हैं। गीता कोरियोग्राफर फराह खान की स्टूडेंट रही हैं और उन्हें अपनी दूसरी मां कहती हैं। आज यानी 5 जुलाई को गीता का जन्मदिन है। वह 49 साल की हो गई हैं। आइए उनके बारे में खास बातें जानते हैं।

शुरुआत

15 साल की उम्र में शुरू किया डांस

गीता ने 15 साल की उम्र में अपने डांस करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने 1998 में फराह खान की अकेडमी में दाखिला लेकर डांस की दुनिया में कदम रखा। गीता 'फिजा', 'अशोका', 'थोड़ा प्यार थोड़ा मैजिक', 'साथिया', 'हे बेबी' और 'तीस मार खां' जैसी फिल्मों में कोरियोग्राफी कर चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने फराह के साथ 'कुछ कुछ होता है', 'मोहब्बतें', 'कभी खुशी कभी गम', 'कल हो न हो' जैसी बॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया है।

टीवी

मेहनत और समय मांगती है टीवी- गीता

गीता लंबे समय से टीवी इंडस्ट्री का भी हिस्सा हैं। रिएलिटी शो के जज के रूप में उनको नई पहचान मिली है। एक पुराने इंटरव्यू में गीता ने कहा था कि टीवी ने उन्हें उचित पहचान दिलाई है। टीवी में काम करने की चुनौतियों पर बात करते हुए गीता ने कहा था कि टीवी काफी मेहनत और समय मांगती है, लेकिन यह आपको आपकी कला को आगे बढ़ाने के लिए भी मजबूर करती है।

विवाद

जब गीता को जाना पड़ा था जेल

साल 2015 में गीता कपूर जेल भी जा चुकी हैं। उन्हें कार से एक राहगीर को टक्कर मारने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। चश्मदीदों का कहना था कि सुबह 5 बजे गीता अपनी गाड़ी तेज रफ्तार में चला रही थीं और उन्होंने एक राहगीर को टक्कर मार दी। गीता की काफी कोशिशों के बाद भी शिकायतकर्ता नहीं माने और उनके खिलाफ FIR दर्ज करा दी जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

पर्सनल लाइफ

शादी की उड़ी थी अफवाह

पर्सनल लाइफ की बात करें तो गीता ने अभी तक शादी नहीं की है। 2020 में गीता की एक जाने-माने कोरियोग्राफर के साथ अफेयर की अफवाह उड़ी थी। उन्हें मांग में सिंदूर लगाए भी देखा गया था। हालांकि गीता ने इन बातों का खंडन किया था और साफ किया था कि उन्होंने किसी से शादी नहीं की है। वह साथी जज और स्टूडेंट्स से अच्छा बॉन्ड शेयर करती हैं। वह फराह खान और शिल्पा शेट्टी के भी काफी करीब हैं।

जानकारी

मॉडलिंग में भी हाथ आजमा चुकी हैं गीता

शुरुआती दिनों में गीता ने मॉडलिंग में भी हाथ आजमाया था। वह 'तुझे याद न मेरी आई' और 'गोरी-गोरी' जैसे गानों में पर्दे पर भी नजर आ चुकी हैं। वह 'DID', 'DID L'll मास्टर', 'इंडियाज बेस्ट डांसर' जैसे शो का हिस्सा रही हैं।