'रामायण' से जारी हुआ लारा दत्ता और शीबा चड्ढा का पोस्टर, निभा रहीं ये किरदार
क्या है खबर?
रणबीर कपूर की पौराणिक महाकाव्य फिल्म 'रामायण' से लारा दत्ता और शीबा चड्ढा का पोस्टर जारी हुआ है। हाल ही में, निर्माताओं द्वारा अरुण गोविल का पोस्टर रिलीज किया गया था। अब फिल्म के अन्य 2 महत्वपूर्ण किरदारों की झलक ने फैंस को उत्साहित कर दिया है। नमित मल्होत्रा द्वारा नर्मित, यह महाकाव्य दिवाली के अवसर पर दुनियाभर में दस्तक देने जा रहा है। ऐसे में किरदारों के पोस्टर फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त प्रतिक्रिया बटोर रहे हैं।
पोस्टर
'कैकेयी' बनीं लारा, तो 'मंथरा' के किरदार में दिखीं शीबा
पहले पोस्टर में लारा को 'रानी कैकेयी' के बेहद शक्तिशाली और राजसी अवतार में दिखाया गया है। उनके चेहरे पर गंभीरता, दृढ़ता और आक्रोश है। उनका पारंपरिक श्रृंगार और आभूषण रानी वाले रुतबे को दर्शाते हैं।
दूसरे पोस्टर में शीबा 'दासी मंथरा' के रूप में कुटिल नजर आ रही हैं। उनके चेहरे के हाव-भाव रामायण की उस महत्वपूर्ण घटना की याद दिलाते हैं, जब वह रानी कैकेयी के कान भरती हैं।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए पोस्टर
A queen. A mother. Two wishes that would betray a father’s love and change Rama’s destiny forever.
— The World Of Ramayana (@WorldOfRamayana) October 9, 2026
A cunning mind. Whose whispers would turn a mother’s love into a kingdom’s darkest hour.
Lara Dutta as Queen Kaikeyi.
Sheeba Chadha as Manthara. pic.twitter.com/VjrRQpJIHV
रिलीज
दिवाली पर रिलीज के लिए तैयार है 'रामायण'
निर्माताओं ने पोस्टर के साथ कैप्शन दिए, 'एक रानी। एक मां। 2 ऐसी इच्छाएं जो पिता के प्रेम को धोखा देकर राम के भाग्य को हमेशा के लिए बदल देंगी। एक धूर्त बुद्धि। जिसकी फुसफुसाहट एक मां के प्रेम को राज्य के सबसे अंधकारमय क्षण में बदल देगी।'
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' में साई पल्लवी, यश, रवि दुबे, रकुल प्रीत सिंह और सनी देओल समेत कई सितारे हैं। यह दिवाली, 2026 पर दुनियाभर में रिलीज होगी।