Page Loader
फिल्मों की समीक्षा करना छोड़ देंगे KRK, बोले- 'विक्रम वेधा' बतौर समीक्षक आखिरी फिल्म होगी
फिल्मों की समीक्षा करना छोड़ देंगे KRK

फिल्मों की समीक्षा करना छोड़ देंगे KRK, बोले- 'विक्रम वेधा' बतौर समीक्षक आखिरी फिल्म होगी

Sep 25, 2022
05:59 pm

क्या है खबर?

दो मामलों में कमाल राशिद खान (KRK) की गिरफ्तारी हुई थी। आपत्तिजनक ट्वीट करने और यौन शोषण के मामले में वह सलाखों के पीछे चले गए थे। हालांकि, दोनों मामलों में जमानत मिलने के बाद वह कुछ समय पहले जेल से बाहर आए हैं। वह फिल्मों की समीक्षा के जरिए कालाकारों पर निशाना साधते रहते हैं। अब उन्होंने कहा है कि वह फिल्मों की समीक्षा करना छोड़ देंगे। उनकी मानें तो 'विक्रम वेधा' बतौर समीक्षक उनकी आखिरी फिल्म होगी।

ट्विटर पोस्ट

KRK ने बॉलीवुड पर समीक्षा छोड़ने के लिए मजबूर करने का लगाया आरोप

KRK ने बॉलीवुड पर उन्हें फिल्मों की समीक्षा छोड़ने के लिए मजबूर करने का आरोप भी लगाया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'मै इसे छोड़ता हूं। 'विक्रम वेधा' आखिरी फिल्म है, जिसकी मैं समीक्षा करूंगा। मेरी समीक्षाओं पर भरोसा करने और मुझे बॉलीवुड के इतिहास में सबसे बड़ा समीक्षक बनाने के लिए आप सभी का धन्यवाद। मेरी समीक्षाओं को रोकने के लिए व मेरे खिलाफ इतने सारे केस दर्ज करने के लिए सभी बॉलीवुड वालों को भी धन्यवाद।'

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए KRK का ट्विटर पोस्ट

बयान

बॉलीवुड की मदद करना चाहते हैं, तो बकवास फिल्में बनाना बंद करें- KRK

KRK ने अपने एक अन्य ट्वीट में बॉलीवुड के फिल्म निर्माताओं को भी आड़े हाथों लिया है। उनका कहना है कि फिल्मों के टिकट के मूल्य कम करने से बॉलीवुड को कोई मदद नहीं मिलेगी। उन्होंने अपने ट्वीट में आगे लिखा, 'अगर आप बॉलीवुड की मदद करना चाहते हैं, तो बकवास फिल्में बनाना बंद करें। आज के समय के हिसाब से आपको फिल्में बनानी होंगी। आपका 20 साल पुराना फॉर्मूला आज के दर्शकों के साथ काम नहीं करेगा।'

कानूनी अड़चन

सलमान की 'राधे' का रिव्यू कर फंसे थे KRK

सलमान खान की पिछले साल आई 'राधे' का रिव्यू कर KRK मुसीबत में फंस गए थे। सलमान ने उनके खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में मानहानि का केस किया था। इसको लेकर KRK ने कहा था, "सलमान ये मानहानि का केस आपकी हताशा और निराशा का सबूत है। मैं अपने फॉलोअर्स के लिए रिव्यू करता हूं। आपकी फिल्मों का रिव्यू करने से मुझे रोकने के बजाय आपको अच्छी फिल्में बनानी चाहिए। मैं सच्चाई के लिए लड़ता रहूंगा। केस के लिए शुक्रिया।"

गिरफ्तारी

इन दो मामलों में हुई थी KRK की गिरफ्तारी

दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर, इरफान खान और फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा सहित मशहूर हस्तियों के खिलाफ ट्वीट को लेकर KRK पुलिस के शिकंजे में आए थे। यह मामला 2020 में KRK द्वारा किए गए आपत्तिजनक ट्वीट के संदर्भ में था। इसके बाद उन्हें वर्सोवा पुलिस ने 2019 के यौन शोषण के मामले में गिरफ्तार किया था। एक महिला का हाथ पकड़ने और यौन इच्छा जाहिर करने के आरोप में उन पर केस चल रहा है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

विवादों से KRK का पुराना नाता रहा है। KRK ने '1920: लंदन' के लिए विक्रम भट्ट के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कही थीं। फिर विक्रम ने उन पर मानहानि का मुकदमा किया था। KRK की एंटरटेनमेंट वेबसाइट ने अनुराग कश्यप की मौत की अफवाह फैलाई थी।