Page Loader
KRK के बेटे ने जताई चिंता, कहा- कुछ लोग मेरे पिता को मारना चाहते हैं
KRK के बेटे ने किया भावुक ट्वीट

KRK के बेटे ने जताई चिंता, कहा- कुछ लोग मेरे पिता को मारना चाहते हैं

Sep 08, 2022
07:16 pm

क्या है खबर?

फिल्म क्रिटिक कमाल राशिद खान (KRK) 30 अगस्त से सलाखों के पीछे हैं। उन्हें पहले एक पुराने विवादास्पद ट्वीट के मामले में गिरफ्तार किया गया था। उसके बाद उन्हें महिला के साथ अभद्रता करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। कुछ लोग अचानक उनके खिलाफ पुराने मामले निकालने पर पुलिस पर सवाल भी उठा रहे हैं। इस बीच KRK के बेटे ने आशंका जताई है कि उनके पिता को जान का खतरा है।

ट्वीट

KRK के बेटे ने अभिषेक बच्चन और देवेंद्र फडनवीस से मांदी मदद

KRK के बेटे फैसल कमाल ने अपने पिता के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर अपनी चिंता जाहिर की। उन्होंने लिखा, 'मैं KRK का बेटा फैसल कमाल हूं। मुंबई में कुछ लोग मेरे पिता को मारने के लिए प्रताड़ित कर रहे हैं। मैं 23 साल का हूं और लंदन में रहता हूं। मुझे नहीं पता कि मैं अपने पिता की मदद कैसे करुं।' फैसल ने अभिषेक बच्चन, रितेश देशमुख और देवेंद्र फडनवीस को टैग करके मदद मांगी है।

अपील

फैसल ने जनता से की भावुक अपील

फैसल ने एक अन्य ट्वीट में लिखा कि उनके पिता उनका जीवन हैं। उनके बिना वह और उनकी बहन मर जाएंगे। उन्होंने जनता से भी KRK को बचाने की अपील की और लिखा कि वह नहीं चाहते कि उनके पिता भी सुशांत सिंह राजपूत की तरह खत्म हो जाएं। फैसल के ट्वीट पर कुछ लोग उनका समर्थन कर रहे हैं तो कुछ उनका विरोध कर रहे हैं। कुछ लोग KRK के पुराने ट्वीट्स निकालकर भी उनकी आलोचना कर रहे हैं।

ट्विटर पोस्ट

KRK के बेटे का भावुक ट्वीट

घटना

30 अगस्त से जेल में हैं KRK

30 अगस्त को KRK को पुलिस ने आपत्तिजनक ट्वीट के आरोप में गिरफ्तार किया था। उन्हें 14 दिन की हिरासत में भेज दिया गया था। यह मामला 2020 में KRK द्वारा किए गए आपत्तिजनक ट्वीट के संदर्भ में था। इसके बाद उन्हें रविवार को वर्सोवा पुलिस ने 2019 के यौन शोषण के एक अन्य मामले में गिरफ्तार करके 14 दिन की हिरासत में भेजा था। मंगलवार को मुंबई की एक अदालत ने उन्हें इस मामले में जमानत दे दी थी।

न्यूजबाइट्स प्लस

पहले भी विवादों में रहे हैं KRK

KRK ने '1920: लंदन' के लिए निर्देशक विक्रम भट्ट के खिलाफ भी कई आपत्तिजनक बातें कही थीं। इसके बाद विक्रम ने उन पर मानहानि का मुकदमा किया था। KRK ने दावा किया था कि करण जौहर ने 'बॉम्बे वेलवेट' के रिव्यू के लिए उन्हें पैसे ऑफर किए थे। बाद में अनुराग कश्यप ने इन बातों का खंडन किया था। KRK की एंटरटेनमेंट वेबसाइट ने अनुराग की मौत की भी अफवाह फैलाई थी। बाद में उन्होंने इसके लिए माफी मांगी थी।