LOADING...
बॉलीवुड तक कैसे पहुंचे शाहरुख खान के साथ नजर आए असल जवान संगे सेल्ट्रिम?
कौन हैं संगे सेल्ट्रिम? (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@sangaytsheltrim)

बॉलीवुड तक कैसे पहुंचे शाहरुख खान के साथ नजर आए असल जवान संगे सेल्ट्रिम?

Sep 08, 2023
09:51 pm

क्या है खबर?

शाहरुख खान की फिल्म 'जवान' की दीवानगी सिनेमाघरों में देखने को मिल रही है। शाहरुख के प्रशंसक गाजे-बाजे के साथ फिल्म देखने पहुंच रहे हैं। फिल्म में शाहरुख के साथ कई सितारे नजर आए हैं। फिल्म के कई कलाकार कह चुके हैं कि शाहरुख के साथ काम करना उनका सपना था। क्या आपको पता है कि फिल्म के कलाकार संगे सेल्ट्रिम असल में सेना के जवान रह चुके हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने अपने अनुभव पर बात की।

परिचय

कौन हैं संगे सेल्ट्रिम?

'जवान' में संगे सेल्ट्रिम एक पुलिस अफसर की भूमिका में नजर आए हैं और शाहरुख के साथ एक्शन करते दिखे हैं। संगे भूटान के रहने वाले हैं और दिलचस्प बात यह है कि वह असल में भी सैनिक रह चुके हैं। करीब 2 दशक पहले वह भूटानी सेना में काम करते थे। DNA इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, सेना में रहते हुए उनकी रुचि बॉडी बिल्डिंग में जागी। इसमें करियर बनाने के लिए उन्होंने सेना की नौकरी छोड़ दी।

बॉलीवुड डेब्यू 

सलमान खान की फिल्म से बॉलीवुड में एंट्री

संगे एक सफल बॉडी बिल्डर रहे और मिस्टर भूटान भी चुने गए। इसके बाद उन्होंने दुनियाभर की कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। इसी दौरान उन्हें सलमान खान की फिल्म 'राधे' में अभिनय करने का मौका मिला। इस फिल्म में उन्होंने नकारात्मक भूमिका निभाई थी। तब एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, "बॉलीवुड डेब्यू के लिए मेरी कोई योजना नहीं थी। यह किस्मत थी और सलमान सर की मेहरबानी थी कि मुझे यह ऑफर मिला।"

Advertisement

जवान

'जवान' के लिए कर दिया था मना 

संगे ने ई टाइम्स को बताया कि 'जवान' के लिए उन्हें मुकेश छाबड़ा की कंपनी से अगस्त 2021 में फोन आया था। उन दिनों वह एक भूटानी फिल्म में काम करने जा रहे थे। ऐसे में उन्होंने 'जवान' में काम करने से मना कर दिया। अगले दिन फिल्म के एक सहायक निर्देशक ने उन्हें फोन किया और समझाया कि यह एक बड़ा अवसर है। इसके बाद वह मान गए और अपनी भूटानी फिल्म को आगे खिसका दी।

Advertisement

शाहरुख से मुलाकात

ऐसी थी शाहरुख से पहली मुलाकात

संगे ने बताया कि फिल्म के सेट पर ही वह शाहरुख से पहली बार मिले थे। शाहरुख ने उनसे हाथ मिलाया, उन्हें गले लगाया और कहा, "आपका स्वागत है संगे। इस भूमिका को स्वीकार करने के लिए धन्यवाद।" संगे ने बताया कि सेट पर शाहरुख भावनाओं को प्रदर्शित करने में हर कलाकार की मदद करते थे। वह एक्शन दृश्यों को करने में काफी अनुभवी हैं। फिल्म के एक्शन निर्देशक और कोरियोग्राफर भी बहुत अच्छे थे।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

एटली द्वारा निर्देशित 'जवान' ने पहले दिन ही बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया है और पहले दिन सबसे ज्यादा कमाने वाली हिंदी फिल्म बन गई है। पहले दिन इस फिल्म के हिंदी संस्करण ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 65 करोड़ रुपये कमाए हैं।

Advertisement