शाहरुख खान के जन्मदिन पर फैंस को मिलेगा 'किंग' का तोहफा, सिद्धार्थ आनंद की बड़ी तैयारी
क्या है खबर?
शाहरुख खान की आगामी फिल्म 'किंग' का इंतजार उनके फैंस बेसब्री से कर रहे हैं। यह एक एक्शन थ्रिलर है, जिसके निर्देशन की जिम्मेदारी सिद्धार्थ आनंद ने उठाई है। इससे पहले दोनों 2023 में आई फिल्म 'पठान' में साथ काम कर चुके हैं। ताजा अपडेट है कि शाहरुख के जन्मदिन (2 नवंबर, 2026) पर निर्देशक उनके फैंस को तगड़ा तोहफा देने की तैयारी में हैं। वह 'किंग' का एक्शन से भरपूर टीजर रिलीज करने जा रहे हैं।
अनुभव
शाहरुख के जन्मदिन पर दिखेगा 'किंग' का नया अंदाज
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, सूत्र ने बताया कि 'किंग' का एक्शन-थ्रिल से भरपूर टीजर शाहरुख के जन्मदिन पर जारी करने की योजना है।
उन्होंने कहा, "यह 'किंग' टीम की ओर से शाहरुख के सभी प्रशंसकों के लिए जन्मदिन का तोहफा है और सिद्धार्थ, शाहरुख का एक नया अनुभव लेकर आने वाले हैं। टीजर का यह अंश जबरदस्त है, जिसमें शाहरुख पहले कभी न देखे गए अंदाज में, दमदार डायलॉग्स को स्टाइल और शालीनता के साथ बोलते नजर आ रहे हैं।"
रिलीज
क्रिसमस पर धमाका करने आएंगे शाहरुख
शाहरुख और सिद्धार्थ की जोड़ी वाली 'किंग' को अब तक की सबसे महंगी फिल्मों में से एक माना जा रहा है, जिसका बजट कथित तौर पर 450 करोड़ रुपये है।
सूत्र ने कहा, "अगर दर्शकों को 'पठान' और 'जवान' की भव्यता पसंद आई, तो सिद्धार्थ ने 'किंग' के साथ इसे एक कदम और आगे बढ़ा दिया है। एक्शन-रोमांच और सबसे महत्वपूर्ण, संगीत इस क्रिसमस पर दर्शकों को शानदार अनुभव देगा।"
फिल्म 24 दिसंबर, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में आएगी।