Page Loader
रवीना टंडन पहले यहां करती थीं काम, तब अभिनेत्री बनने का नहीं था ख्वाब
ऐसा रहा रवीना टंडन का सफर (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@officialraveenatandon)

रवीना टंडन पहले यहां करती थीं काम, तब अभिनेत्री बनने का नहीं था ख्वाब

Oct 26, 2023
08:05 am

क्या है खबर?

बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन 90 के दशक में बड़े पर्दे पर राज करती थीं और अपने करियर की दूसरी पारी में OTT पर अपना दमखम दिखा रही हैं। 26 अक्टूबर को रवीना अपना जन्मदिन मना रही हैं। रवीना एक से बढ़कर एक गानों में अपने प्रदर्शन से दर्शकों को दीवाना बना चुकी हैं। रवीना ने अपना करियर मॉडलिंग से शुरू किया था। आइए, नजर डालते हैं रवीना का यह फिल्मी सफर कैसे शुरू हुआ था।

शुरुआत

PR एजेंसी में नौकरी कर रही थीं रवीना

रवीना ने 10वीं के बाद ही प्रहलाद कक्कड़ की PR एजेंसी में नौकरी शुरू कर दी थी। शुरुआत में उन्हें स्टूडियो की साफ-सफाई भी करनी होती थी। यहां वह स्टूडियो का फर्श साफ करती थीं, जिसपर कई बार लोगों की उल्टियां भी होती थीं। वह मॉडल के स्टाइल और मेकअप का काम भी देखा करती थीं। एक इंटरव्यू में रवीना ने बताया था कि इस दौरान उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह अभिनेत्री बनेंगी।

मॉडलिंग

यूं शुरू हुई मॉडलिंग का सफर

यहां जब भी कोई मॉडल नहीं आती, तो प्रहलाद रवीना से पोज करवा लेते। तब उन्हें एहसास हुआ कि वह मॉडलिंग कर सकती हैं। उन्होंने मॉडलिंग शुरू की और फिर उन्हें फिल्मों के प्रस्ताव मिलने लगे। उनके पास अभिनय, संवाद आदि का कोई औपचारिक प्रशिक्षण नहीं था। रवीना ने अपने सफर के साथ ही सबकुछ सीखा। उन्होंने 1991 की फिल्म 'पत्थर के फूल' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इस फिल्म में वह सलमान खान के साथ नजर आई थीं।

प्रतिक्रिया 

पहली ही फिल्म से बनीं स्टार, 1 साल में कीं 10 फिल्में

'पत्थर के फूल' से रवीना रातों-रात स्टार बन गई थीं। 1994 तक रवीना ने खुद को बड़े पर्दे पर पूरी तरह से स्थापित कर लिया। उस साल रवीना 10 फिल्मों में नजर आई थीं, जिसमें से अधिकांश बॉक्स ऑफिस पर खूब सफल हुईं। 'अंदाज अपना अपना', 'लाड़ला', 'मोहरा', समेत अन्य फिल्मों से रवीना हर तरफ छा गईं। प्रशंसकों के साथ ही वह निर्माताओं की भी पहली पसंद बन गई थीं।

जोड़ी

हिट थी रवीना और अक्षय कुमार की जोड़ी

आने वाल साल रवीना के लिए अच्छा नहीं रहा और 1995 में उनकी फिल्में कुछ खास कमाल नहीं कर सकीं। हालांकि, अभिनेत्री ने जल्द वापसी की और 'खिलाड़ियों का खिलाड़ी', 'बड़े मियां छोटे मियां' जैसी फिल्मों से फिर से छा गईं। उन दिनों रवीना और अक्षय कुमार की जोड़ी हिट थी और खूब पसंद की जाती थी। दोनों एक-दूसरे को डेट भी कर रहे थे और सगाई भी कर चुके थे। हालांकि, उनका रिश्ता कामयाब नहीं हुआ।

दूसरी पारी

OTT पर खेल रहीं हैं दूसरी पारी

2021 में नेटफ्लिक्स के शो 'अरण्यक' से रवीना ने OTT पर डेब्यू किया था। इसमें रवीना ने पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाई थी। शो में लोगों ने उनके अभिनय को खूब सराहा था। लोकप्रिय कन्नड़ फिल्म फ्रैंचाइजी 'KGF' में रवीना संजय दत्त के साथ नजर आई थीं। जुलाई में उनकी फिल्म 'वन फ्राइडे नाइट' जियो सिनेमा पर रिलीज हुई थी। अपनी आने वाली फिल्म 'घुड़चढ़ी' में भी वह संजय के साथ नजर आएंगी।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

रवीना और अक्षय जल्द ही बड़े पर्दे पर फिर साथ दिखाई देंगे। अक्षय की बहुचर्चित फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' का ऐलान हुआ था दोनों के प्रशंसक खुश हो गए। इस फिल्म की स्टारकास्ट में रवीना भी शामिल हैं। फिल्म अगले साल रिलीज होगी।