Page Loader
क्या दूर हुई कार्तिक आर्यन और करण जौहर की अनबन? गले मिलते दिखे दोनों सितारे
क्या दूर हुई कार्तिक और करण की अनबन?

क्या दूर हुई कार्तिक आर्यन और करण जौहर की अनबन? गले मिलते दिखे दोनों सितारे

Jun 29, 2023
05:08 pm

क्या है खबर?

करण जौहर बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय निर्माताओं में शुमार हैं। ऐसे में उनकी आलोचना भी खूब होती है। कई कलाकारों से उनकी अनबन की खबरें भी सुर्खियों में रहती हैं। उनका ऐसा ही एक चर्चित विवाद कार्तिक आर्यन के साथ रहा है। ऐसे में प्रशंसकों उस वक्त हैरान रह गए, जब एक कार्यक्रम के दौरान कार्तिक और करण गले मिलते हुए दिखे। अब लोगों के मन में सवाल है कि क्या दोनों ने अपनी अनबन भुला दी है?

मुलाकात

दोनों को देखकर हैरान हुए प्रशंसक

गुरुवार को कार्तिक की फिल्म 'सत्यप्रेम की कथा' रिलीज हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कार्तिक मुंबई के एक थिएटर में पहले शो के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। तभी वहां करण जौहर भी पहुंच गए। करण अपनी दोस्त और संजय कपूर की पत्नी महीप कपूर के साथ वहां पहुंचे थे। कार्तिक और करण एक-दूसरे से गले मिले और कुछ देर बातचीत भी की। इसे देखकर लोगों को उनकी अनबन की याद आ गई।

अनबन

'दोस्ताना 2' के दौरान हुआ था विवाद

करण ने कार्तिक को फिल्म 'दोस्ताना 2' के लिए कास्ट किया था। इस फिल्म में कार्तिक ने जाह्नवी कपूर के साथ शूटिंग भी शुरू कर दी थी। करीब 20 दिनों की शूटिंग के बाद धर्मा प्रोडक्शन और कार्तिक के बीच अनबन हो गई। दोनों की तकरार इतनी बढ़ गई कि शूटिंग शुरू होने के बाद भी कार्तिक को फिल्म से बाहर कर दिया गया। तब से ही दोनों का विवाद चर्चा में है।

वजह

इस वजह से हुई थी अनबन

रिपोर्ट्स के अनुसार धर्मा प्रोडक्शंस कार्तिक के गैर-पेशेवर व्यवहार से परेशान हो गया था। कार्तिक के डेट्स को लेकर दोनों के बीच तनातनी हो रही थी। इसके अलावा फिल्म में इंटरवल के बाद के हिस्से में किएटिव मुद्दों पर भी दोनों सहमत नहीं हो पा रहे थे। खबरें आई थीं कि धर्मा प्रोडक्शंस ने कार्तिक के साथ भविष्य में कोई प्रोजेक्ट न करने का फैसला लिया है। इसके बाद से यह फिल्म ठंडे बस्ते में है।

सत्यप्रेम 

कैसी है सत्यप्रेम की कथा?

कार्तिक की फिल्म 'सत्यप्रेम की कथा' पर्दे पर आ चुकी है। फिल्म में उनके साथ कियारा आडवाणी नजर आई हैं। रोमांस से भरपूर यह फिल्म एक गंभीर सामाजिक मुद्दे पर चोट करती है। एक के बाद एक रिलीज हुए रोमांटिक गानों के कारण फिल्म चर्चा में थी। इस फिल्म में कार्तिक और कियारा के साथ गजराज राव, सुप्रिया पाठक, शिखा तलसानिया और राजपाल यादव भी नजर आए हैं। इससे पहले 'भूल भुलैया 2' में भी कार्तिक-कियारा की जोड़ी दिखी थी।