करण जौहर जब पहली बार कैमरे के सामने आए, 36 साल पहले शुरू हुआ था सफर
क्या है खबर?
बॉलीवुड में निर्माता-निर्देशक करण जौहर उन नामों में से एक हैं, जिन्हें किसी परिचय की आवश्यकता नहीं है। इंडस्ट्री में कदम रखते ही उन्होंने अपने हुनर से सबका दिल जीत लिया था।
करण की फिल्मों के बारे में तो सब जानते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक बाल कलाकार के तौर पर की थी।
आइए 25 मई को अपना 53वां जन्मदिन मनाने वाले करण के इसी धारावाहिक के बारे में जानते हैं।
शुरुआत
'इंद्रधनुष' था करण का पहला शो
बहुत से दर्शक करण के अभिनय की शुरुआत फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' से मानते हैं, लेकिन यह सच नहीं है।
उधर कइयों को ताे यह भी नहीं पता कि करण ने अपने करियर की शुरुआत एक्टिंग से की थी।
बता दें कि करण 36 साल पहले साल 1989 में दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले बच्चों के लिए बनाए गए एक साइंस फिक्शन टीवी शो 'इंद्रधनुष' के लिए पहली बार कैमरे के सामने आए थे।
खुलासा
....जब शो में खुद को देख शर्मिंदा हुए करण
करण ने खुद बताया था कि 'इंद्रधनुष' से वह बतौर बाल कलाकार जुड़े थे। उस समय उनकी उम्र 14-15 साल थी।
उन्होंने बताया था कि जब शो रिलीज हुआ तो वह कॉलेज के दूसरे साल में आ चुके थे। जब करण 18 साल के हुए तो लोग इसी बारे में बात करते रहते थे कि उन्होंने 15 की उम्र में क्या किया।
करण ने ये भी बताया था कि वो 'इंद्रधनुष' को टीवी पर देखकर शर्मिंदा महसूस कर रहे थे।
किरदार
'श्रीकांत' बने थे करण
'इंद्रधनुष' में करण ने श्रीकांत का किरदार निभाया था।
इस धारावाहिक का निर्देशन आनंद महेंद्रू ने किया था, जो दूरदर्शन पर आया करता था।
करण के अलावा इस शो में अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर, विशाल सिंह, आशुतोष गोवारिकर जैसे कलाकार भी थे।
इसके बाद करण को अपनी फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' में सहायक किरदार निभाते देखा गया और फिर वह अनुराग कश्यप की 'बॉम्बे वेलवेट' में भी अभिनय करते दिखे, लेकिन यह बॉक्स ऑफिस पर फेल हो गई थी।
आगामी फिल्में
करण की आने वाली फिल्में
करण फिल्म 'धड़क 2' को लेकर चर्चा में हैं, जो उनकी फिल्म 'धड़क' का सीक्वल है।
इसमें तृप्ति डिमरी अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी के साथ रोमांस करती दिखेंगी। फिल्म के 16 दृश्यों पर सेंसर बोर्ड ने कैंची चलाई है। इसे U/A 16+ सर्टिफिकेट मिला है। जल्द ही इस फिल्म की रिलीज तारीख सामने आएगी। करण बतौर निर्माता इस फिल्म से जुड़े हैं।
उधर वह कार्तिक आर्यन अभिनीत फिल्म 'तू मेरा मैं तेरी मैं तेरा तू मेरी भी' लेकर आ रहे हैं।