'सुपर 30' की रिलीज़ टलने के बाद कंगना ने फिर ऋतिक पर साधा निशाना, कहा ये
पहले से ही माना जा रहा था कि कंगना रनौत की 'मेंटल है क्या' के साथ 'सुपर 30' की रिलीज़ डेट क्लैश होने की वजह से किसी एक फिल्म की रिलीज़ डेट आगे बढ़ सकती है। ऐसे में 'सुपर 30' की रिलीज़ फिलहाल टाल दी गई है। इसकी जानकारी खुद ऋतिक रोशन ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी थी। ऋतिक के इस पोस्ट पर कंगना रनौत ने निशाना साधा है।
कंगना ने दी ये प्रतिक्रिया
कंगना का बयान उनकी बहन रंगोली चंदेल ने ट्विटर पर शेयर किया है। रंगोली के मुताबिक, कंगना ने कहा, "पिछले हफ्ते ऋतिक, मधु मनतेना और एकता कपूर ने साथ मिलकर ये तय किया था कि 'सुपर 30' की रिलीज़ डेट शिफ्ट की जाएगी। इसके बाद ही 'मेंटल है क्या', 26 जुलाई को रिलीज़ होगी।" उन्होंने कहा, "मुझे नहीं पता कि वह (ऋतिक) क्यों दुखभरी कहानी सुना रहा है। मुझे गर्व है कि 'मेंटल है क्या' सोलो रिलीज़ हो रही है।"
एकता को सैल्यूट- कंगना
आगे कंगना ने कहा, "मैं अपनी प्रोड्यूसर एकता कपूर को सैल्यूट करती हूं कि उन्होंने इस पुरुष प्रधान इंडस्ट्री में वो किया जो आसान नहीं था। मैं उनके साहस को सलाम करती हूं।"
ऋतिक ने ट्वीट कर कहा था ये
इसके पहले ऋतिक ने ट्वीट कर कहा था, "मैं अपनी फिल्म को इस मीडिया सर्कस से प्रभावित नहीं करना चाहता हूं। ऐसे में मैंने 'सुपर 30' की रिलीज़ डेट को शिफ्ट करने का फैसला किया है। ऐसा मैंने मानसिक प्रताड़ना से बचने के लिए किया है।" उन्होंने आगे लिखा, "फिल्म बनकर तैयार है, मैंने प्रोड्यूसर से रिक्वेस्ट की है कि वह रिलीज़ को शिफ्ट कर दें। इसके अलावा जितना जल्दी हो सके फिल्म की रिलीज़ की घोषणा कर दें।"
ऋतिक का ट्वीट
ऋतिक ने इस पर जताया था दुख
ऋतिक ने यह भी लिखा था, "पिछले कई साल से मुझे ये देखकर दुख होता है कि कई लोग इस विवाद को प्रोत्साहित करते हैं। ऐसी चीजें किसी का भी खुला शोषण हैं। मैं अभी तक पूरे धैर्य और शांति के साथ इंतजार कर रहा हूं कि समाज की अंतरआत्मा जाग जाए और ऐसे मामलों पर ध्यान दें।" दरअसल, कंगना की बहन रंगोली ने एक के बाद एक कई ट्वीट करके ऋतिक पर निशाना साधा था।
रंगोली ने ऋतिक को कहा 'पप्पू'
क्या है ऋतिक-कंगना कंट्रोवर्सी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंगना और ऋतिक का अफेयर 'कृष 3' के दौरान शुरू हुआ था। ऋतिक उस समय शादीशुदा थे। लेकिन अचानक से ऋतिक ने कंगना से बात करना कम कर दिया। खबरें ये भी थीं कि ऋतिक ने कंगना का इमेल आईडी हैक किया था। कंगना और ऋतिक का झगड़ा इतना बढ़ गया कि ऋतिक ने अपनी पॉवर का इस्तेमाल करके कंगना को एक फिल्म से निकलवा दिया था। इनका विवाद सुलझने के बजाय बढ़ता जा रहा है।