कंगना रनौत ने बताया- खेमेबाजी के चलते क्या होता है बॉलीवुड में हुनरमंद कलाकारों का हाल?
क्या है खबर?
अभिनेत्री कंगना रनौत अपनी बेबाक बयानबाजी के लिए मशहूर हैं। इन दिनों वह अपनी फिल्म 'इमरजेंसी' के प्रचार-प्रसार में जुटी हैं। हालांकि, सिख समुदाय इसका विरोध कर रहा है। लिहाजा फिल्म को लेकर विवाद जारी है।
उधर कंगना बॉलीवुड और इंडस्ट्री के सितारों पर निशाना साधने से नहीं चूक रही हैं। वह कई दफा बॉलीवुड को आड़े हाथ ले चुकी हैं।
एक बार फिर उन्होंने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री पर कटाक्ष किया।
आइए जानें क्या कुछ बोलीं कंगना।
दो टूक
बॉलीवुड को बताया निराशाजनक जगह
मैशेबल इंडिया से कंगना ने कहा, "मैं ईमानदारी से कह रही हूं कि बॉलीवुड एक निराशाजनक जगह है। इनका कुछ नहीं होने वाला। इंडस्ट्री के कुछ अंदरूनी लोग प्रतिभाशाली लोगों का करियर तबाह कर देते हैं। वे उनका खात्मा करने के लिए पीछे पड़ जाते हैं। उनकी प्रतिभा से जलते हैं।"
कंगना ने यह भी कहा कि ऐसे लोग इस काम को गुपचुप तरीके से नहीं, बल्कि खुलेआम करते हैं। सिर्फ खानदान के लोगों का ही साथ दिया जाता है।
पक्षपात
आज की पीढ़ी के निर्माता कर रहे खेमेबाजी
कंगना बोलीं, "इंडस्ट्री के लोग प्रतिभाशाली कलाकारों से चिढ़ते हैं। उन्हें बदनाम करने के लिए अभियान चलाया जाता है।"
कंगना ने कहा कि आज इंडस्ट्री में नई पीढ़ी के फिल्म निर्माता खेमेबाजी कर रहे हैं। पहले ऐसा नहीं हुआ करता था। उन्होंने के आसिफ, गुरु दत्त, बिमल रॉय और यश चोपड़ा का उदाहरण देते हुए कहा कि वे सभी विनम्रता से पेश आते थे और अलग ही किस्म के लोग थे, जबकि आज ऐसा नहीं है।
खुलासा
कंगना ने किया ये खुलासा
कंगना कहती हैं, "मैं बहुत सहानुभूतिशील व्यक्ति रही हूं। मुझे नकली लोगों से नफरत है। मैं बहुत नरम और साफ मन की हूं।"
कंगना ने खुलासा किया, एक समय था, "जब मैं निर्माता से अपने लिए होटल में एक खास कमरे की मांग करती थी और वो नहीं मिलता था तो मैं शूट करने से इनकार कर देती थी। मेरा कर्म मेरे पास लौटकर तब आया, जब मैं निर्माता बनी और मेरी फिल्म के कलाकारों ने चीजों की मांग की।"
चर्चा में फिल्म
'इमरजेंसी' को लेकर चर्चा में हैं कंगना
कंगना जल्द ही 'इमरजेंसी' दर्शकों के बीच पेश करेंगी। इस फिल्म का निर्देशन उन्होंने ही किया है और वो ही इसमें मुख्य भूमिका भी निभा रही हैं।
यह फिल्म आपातकाल की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें कंगना भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की भूमिका में दिखेंगी।
इस फिल्म में दिवंगत सतीश कौशिक, श्रेयस तलपड़े, मिलिंद सोमन, महिमा चौधरी और अनुपम खेर समेत कई कलाकारों ने अभिनय किया है। यह इस साल 6 सितंबर को सिनेमाघरों का रुख करेगी।