Page Loader
कल्कि के लिए आसान नहीं था अनुराग कश्यप से तलाक, ली थीं कई थेरेपी 
कल्कि कोचलिन ने तलाक पर की बात

कल्कि के लिए आसान नहीं था अनुराग कश्यप से तलाक, ली थीं कई थेरेपी 

Sep 02, 2023
12:47 pm

क्या है खबर?

अभिनेत्री कल्कि कोचलिन इन दिनों अपनी फिल्म 'गोल्ड फिश' के लिए चर्चा में हैं। फिल्म शुक्रवार को पर्दे पर रिलीज हुई है। कल्कि अपने अभियन के साथ ही अपने विचारों और बयानों के लिए भी चर्चा में रहती हैं। अनुराग कश्यप के साथ उनकी दोस्ती भी खूब सुर्खियां बटोरती है। दोनों 2011 से 2015 तक शादी के रिश्ते में रहे थे। अब एक बातचीत में कल्कि ने तलाक का सामना करने पर बात की है।

मुश्किल

शुरुआत में हुई थी मुश्किल

एक इंटरव्यू में कल्कि ने अनुराग से तलाक की तकलीफ और उसके बाद उनके साथ अच्छी दोस्ती होने पर बात की। उन्होंने बताया कि इसे अपनाने में बहुत समय लगा था। शुरु के दिनों में वे ऐसे दोस्त नहीं थे, जैसे आज हैं। दोनों ने इसके लिए अपना-अपना समय लिया क्योंकि दूसरे को किसी और के साथ देखना दुख पहुंचाता है। कल्कि के अनुसार, अब इस बात को 7-8 साल हो चुके हैं, इसलिए अब सबकुछ सामान्य है।

बयान 

इससे उबरने के लिए कल्कि ने ली पेशेवर मदद

अनुराग के साथ अलगाव की तकलीफ से उबरने के लिए कल्कि को पेशेवर मदद भी लेनी पड़ी। उन्होंने बताया, "हम दोनों ने अपना-अपना समय लिया। मैंने बहुत सारी थेरेपी लीं और अब 7-8 साल हो चुके हैं। लंबा वक्त बीच चुका है और अब हम दोस्त हैं।" कुछ दिन पहले कल्कि अपने परिवार के साथ अनुराग की बेटी आलिया की सगाई में भी पहुंची थीं। इस दौरान दोनों फिर से सुर्खियों में रहे थे।

रिश्ता 

4 साल बाद अलग हो गए थे कल्कि और अनुराग

कल्कि ने अनुराग कश्यप की फिल्म 'देव डी' में काम किया था। इसी फिल्म से दोनों की नजदीकियां बढ़ी थीं और फिर 2011 में दोनों ने शादी रचा ली थी। यह अनुराग की दूसरी शादी थी। 2015 में दोनों ने आपसी सहमति से तलाक ले लिया था। इसके बाद कल्कि इजरायली संगीतकार गे हर्शबर्ग को डेट करने लगीं। दोनों का 3 साल का एक बेटा भी है। कल्कि अक्सर उनके साथ नजर आती हैं।

करियर

इन फिल्मों में नजर आ चुकी हैं कल्कि

कल्की का जन्म 10, जनवरी 1984 को पुडुचेरी में हुआ था। उनके माता-पिता फ्रांसिसी मूल के हैं। यही वजह है कि उनके रंग-रूप को देखकर अक्सर लोग उन्हें विदेशी समझ लेते थे। कल्कि ने 2009 में आई फिल्म 'देव डी' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। 2015 में 'मार्गरिटा विद अ स्ट्रॉ' के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था। वह 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा', 'माई फ्रेंड पिंटो', 'गली बॉय' जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं।