जॉन अब्राहम ने 'द डिप्लोमैट' निर्देशक से फिर मिलाया हाथ, इस बार भरपूर एक्शन की तैयारी
क्या है खबर?
जॉन अब्राहम की आगामी फिल्म 'फोर्स 3' का इंतजार उनके फैंस बेसब्री से कर रहे हैं, जिसमें हर्षवर्धन राणे भी मुख्य किरदार में नजर आएंगे। इस बीच, खबर है कि जॉन अपनी अगली फिल्म के लिए 'द डिप्लोमैट' (2025) के निर्देशक शिवम नायर के साथ दोबारा जुड़ रहे हैं। हालिया रिपोर्ट में बताया गया है कि दोनों मिलकर एक बिना नाम वाली एक्शन थ्रिलर फिल्म पर काम कर रहे हैं, जिसमें 2 हीरो मुख्य किरदारों में शामिल होंगे।
हामी
जॉन को पसंद आया फिल्म का कॉन्सेप्ट
रिपोर्ट के मुताबिक, जॉन की अगली फिल्म एक कमर्शियल एंटरटेनर होगी, जिसे नायर के अब तक के सबसे मेनस्ट्रीम प्रोजेक्ट्स में से एक बताया जा रहा है।
बॉलीवुड हंगामा से एक सूत्र ने कहा, "जॉन को यह कॉन्सेप्ट बहुत पसंद आया और उन्होंने तुरंत फिल्म में शामिल होने के लिए हामी भर दी।"
हालांकि, फिल्म में जॉन के अलावा एक और मुख्य हीरो शामिल होगा, जिसके नाम को लेकर कोई जानकारी अब तक सामने नहीं आई है।
रिलीज
अगले साल तक फिल्म को रिलीज करने की तैयारी
निर्माता साल के आखिर तक परियोजना की शूटिंग शुरू करने की योजना बना रहे हैं। आने वाले महीनों में प्रोडक्शन शेड्यूल तय किया जा सकता है।
ये एक हाई-ऑक्टेन एक्शन फिल्म होगी, जिसके 2027 के आखिर तक सिनेमाघरों में रिलीज होने की उम्मीद है।
फिलहाल, अभिनेता अपनी अगली फिल्म 'फोर्स 3' में व्यस्त हैं, जो 19 मार्च, 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके अलावा वह मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर राकेश मारिया की बायोपिक भी कर रहे हैं।