जन्माष्टमी के जश्न में रंग भर देंगे बॉलीवुड के ये गीत, इनके बिना अधूरा है पर्व
क्या है खबर?
बॉलीवुड कोई भी त्योहार मनाने से पीछे नहीं हटता। हाल ही में रक्षाबंधन बॉलीवुड सितारों ने पूरे हर्षोउल्लास के साथ मनाया। आज यानी 6 सितंबर को देशभर में जन्माष्टमी का जश्न मनाया जा रहा है।
भगवान कृष्ण के जन्म की खुशी में हर कहीं नाचने-गाने का माहौल होता है और इस मामले में बॉलीवुड भी आगे रहता है।
आज हम आपको राधा-कृष्ण के कुछ ऐसे लोकप्रिय बॉलीवुड गीतों के बारे में बता रहे हैं, जिनके बिना जन्माष्टमी अधूरी है।
#1
'वो किसना है'
अगर आपने फिल्म 'किसना: द वॉरियर पोइट' देखी होगी तो इसका गीत 'वो किसना है' तो आपाको याद ही होगा।
फिल्म में विवेक ओबेरॉय लीड रोल में थे। यह फिल्म भले ही नहीं चली, लेकिन इसका ये गीत सुपरहिट साबित हुआ।
गायक सुखविंदर सिंह की आवाज ने इसमें चार चांद लगा दिए थे।
यह गीत आज भी लोगों की जुबां पर रहता है। इस गीत काे संगीत इस्माइल दरबार ने तैयार किया और इसकी रचना जावेद अख्तर ने की थी।
#2
'राधा कैसे न जले'
भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव के लिए यह बेहतरीन गीत है, जो इस पर्व को और खास बना देगा। यह गीत ऐसा है, जो किसी को भी थिरकने पर मजबूर कर सकता है।
यह आमिर खान की फिल्म लगान में था, जिसे आज भी लोग गुनगुनाते दिखते हैं। आमिर और अभिनेत्री ग्रेसी सिंह पर यह गीत फिल्माया गया था।
लता मंगेशकर और उदित नारायण ने इसे अपनी आवाज से सजाया, वहीं इसका संगीत ऑस्कर विजेता एआर रहमान ने दिया था।
#3
'मैया यशोदा'
जन्माष्टमी के मौके पर 'मैया यशोदा' भी खूब सुना जाता है। यह गीत करिश्मा कपूर, सोनाली बेंद्रे, तब्बू और सैफ अली खान पर फिल्माया गया था।
इसमें सैफ कृष्ण बने थे और करिश्मा राधा बनकर यशोदा मैया से कृष्ण की शिकायत करती दिखी थीं।
सूरज बड़जात्या की फिल्म 'हम साथ साथ हैं' में यह गाना था, जिसे लोगों ने खूब पसंद किया था। कविता कृष्णमूर्ति, अल्का याग्निक और अनुराधा पौडवाला ने इस गीत को अपनी आवाज दी थी।
#4
'यशोदा का नंद लाला'
1985 में आई फिल्म 'संजोग' का गीत 'यशोदा का नंदलाला' भी आपके जनमाष्टमी के जश्न को दोगुना कर देगा। इस गीत के बोल बेहद खूबसूरत हैं और यह अपने बेटे के लिए मां के प्यार को दर्शाता है।
इस गीत को लता ने अपनी आवाज दी थी और उनकी आवाज में यह गाना दिल को छू लेता है।
जया प्रदा पर फिल्माए गए इस गीत को आज भी दर्शक उतना ही पसंद करते हैं।
#5
'यशोमति मैया से बोले नंदलाला'
1978 में रिलीज हुई फिल्म 'सत्यम शिवम सुंदरम' का गाना 'यशोमति मैया से बोले नंदलाला' को लता ने गाया है। इसमें कृष्णा की नटखट लीलाओं की झलक देखने को मिलती है।
जन्माष्टमी के दिन को यह गीत और खास बना देगा।
इसके अलावा 1972 में आई फिल्म 'अमर प्रेम' का सुपरहिट गाना 'बड़ा नटखट है ये किशन कन्हैया' भी कृष्ण भक्तों की जुबान पर रहता है। इस गीत में भी लता ने ही सुर लगाए थे।