Page Loader
'इतनी शक्ति हमें देना दाता' की गायिका पुष्पा पगधरे की आर्थिक स्थिति खराब, बयां किया दर्द
गायिका पुष्पा पगधरे ने बयां किया दर्द

'इतनी शक्ति हमें देना दाता' की गायिका पुष्पा पगधरे की आर्थिक स्थिति खराब, बयां किया दर्द

Aug 11, 2021
06:21 pm

क्या है खबर?

कोरोना महामारी के कारण लगे लॉकडाउन में फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकारों की आर्थिक स्थिति खराब हो गई थी। कई लोगों को बुजर्ग होने के कारण काम नहीं मिल पा रहा था। अब जानकारी सामने आ रही है कि 'इतनी शक्ति हमें देना दाता' से ख्याति प्राप्त करने वाली गायिका पुष्पा पगधरे की आर्थिक स्थिति खराब हो गई है। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया है कि वह कई सालों से आर्थिक तंगी से गुजर रही हैं।

बयान

3,150 रुपये सरकारी पेंशन भी मुश्किल से मिलती है- पुष्पा

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, पुष्पा ने माली हालत बिगड़ जाने की बात स्वीकार की है। 80 वर्षीया पुष्पा ने बताया कि उन्हें राज्य सरकार की तरफ से 3,150 रुपये पेंशन मिलती है। उन्होंने कहा कि यह पेंशन पाने के लिए भी उन्हें जद्दोजहद करनी पड़ती है। वह मुंबई के माहिम में मच्छीमार कॉलोनी में एक किराए के घर में अपना जीवन बिता रही हैं। उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए मदद की गुहार लगाई है।

रॉयल्टी

गाने की रॉयल्टी नहीं मिलने से नाराज हैं पुष्पा

पुष्पा अपने गाने की रॉयल्टी नहीं मिलने से नाराज हैं। उनके गाने के व्यूज करोड़ों में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर उन्हें उनकी रॉयल्टी मिल जाती तो गायिका को ऐसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता। पुष्पा ने कहा, "मेरे कुछ रिश्तेदार हैं जो जरूरत पड़ने पर मदद करते हैं। मुझे सही तरीके से अपने गानों की रॉयल्टी भी नहीं मिली है। मैं पूरी तरह से दूसरों पर निर्भर हूं। सरकार के बजाय रिश्तेदारों ने मेरी मदद की है।"

सूचना

पुष्पा की घर की मांग भी नहीं हो पाई पूरी

पुष्पा ने 1989 में अपने लिए एक घर की मांग की थी। उनकी इस मांग की अनदेखी की गई है। उन्होंने कहा, "एक समय मैं फंड रेज करने के लिए कई राज्यों का दौरा करती थीं। जब भी मैं वापस मुंबई आई मैंने तत्कालीन मंत्री से मुलाकात कर अपनी फाइल के बारे में पूछना चाहा। लेकिन हर बार मुझे यही जवाब मिला कि वो यात्रा पर हैं या मौजूद नहीं हैं। सरकार को हम जैसे गायक पर ध्यान देना चाहिए।"

करियर

मोहम्मद रफी के साथ गाना गा चुकी हैं पुष्पा

'इतनी शक्ति हमें देना दाता' फिल्म 'अंकुश' का लोकप्रिय गाना है, जिसे पुष्पा ने अपनी आवाज दी थी। कंपोजर कुलदीप सिंह ने इस गाने को कंपोज किया था। इस गाने के लिए फीस के तौर पर पुष्पा को मात्र 250 रुपये मिले थे। पुष्पा ने महाराष्ट्र के नेता राज ठाकरे के पिता श्रीकांत ठाकरे के लिखे गाने भी गाए हैं। उन्होंने मोहम्मद रफी के साथ भी गाया है। फिलहाल उनका म्यूजिक इंडस्ट्री के किसी कलाकार से कोई संपर्क नहीं है।