LOADING...
जन्मदिन विशेष: हिंदी सिनेमा में नीतू कपूर के सदाबहार किरदार, OTT पर करिए यादें ताजा
8 जुलाई को है नीतू कपूर का जन्मदिन (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@neetu54)

जन्मदिन विशेष: हिंदी सिनेमा में नीतू कपूर के सदाबहार किरदार, OTT पर करिए यादें ताजा

Jul 08, 2023
10:02 am

क्या है खबर?

नीतू कपूर 8 जुलाई को 65 साल की हो गईं। करियर की दूसरी पारी में वह बड़े पर्दे के साथ टीवी पर भी नजर आ रही हैं। नीतू 70 और 80 के दशक में बड़े पर्दे पर अपने अभिनय और ग्लैमर के दम पर राज करती थीं। हिंदी सिनेमा में उन्होंने एक से बढ़कर एक बेहतरीन फिल्में की हैं। आइए, नजर डालते हैं नीतू की शानदार फिल्मों पर, जिन्हें आज के दौर में आप OTT पर देख सकते हैं।

#1

कभी-कभी 

इस फिल्म के जरिए यश चोपड़ा ने हिंदी सिनेमा को एक यादगार रोमांटिक फिल्म दी। सितारों से भरी इस फिल्म में अमिताभ बच्चन, शशि कपूर, राखी और ऋषि कपूर भी नजर आए थे। फिल्म में नीतू और ऋषि एक युवा जोड़े के रूप में नजर आए थे। फिल्म में नीतू का किरदार पूजा नाम की लड़की का था, जो लव ट्रायंगल जैसी परिस्थिति में फंस जाती है। 1976 में आई यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर देखी जा सकती है।

#2

अमर अकबर एंथनी

कॉमेडी, एक्शन और ड्रामा से भरपूर यह फिल्म 1977 में आई थी। फिल्म में नीतू ऋषि कपूर के साथ नजर आई थीं। यह फिल्म 3 भाइयों की कहानी थी जो बचपन में बिछड़ जाते हैं। तीनों की अलग-अलग परवरिश होती है। फिल्म में अमिताभ, विनोद खन्ना, परवीन बाबी और शबाना आजमी भी मुख्य भूमिका में थे। इस फिल्म में भी नीतू और ऋषि की जोड़ी को खूब पसंद किया गया था। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर है।

#3

दीवार

यश चोपड़ा द्वारा निर्देशित इस क्राइम ड्रामा फिल्म में नीतू ने अहम किरदार निभाया था। अमिताभ बच्चन और शशि कपूर की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म में दो भाइयों के बीच टकराव को दिखाया गया था। लीना नारंग के किरदार में नीतू को दर्शकों और समीक्षकों ने काफी पसंद किया था। 'दीवार' हिंदी सिनेमा की यादगार फिल्मों में से एक है। ZEE5 पर आप इस फिल्म की यादें ताजा कर सकते हैं।

#4

रफू चक्कर

इस फिल्म में भी ऋषि और नीतू की जोड़ी देखने को मिली थी। 1975 की यह कॉमेडी फिल्म नीतू और ऋषि की लोकप्रिय फिल्मों में शुमार है। इस फिल्म में रितु के किरदार में नीतू ने अपने अभिनय की विविधता को साबित किया था। फिल्म 2 ऐसे लड़कों की कहानी है, जो गुंडों से बचते हुए लड़की का वेश बना लेते हैं और लड़कियों के एक बैंड में शामिल हो जाते हैं। यह मजेदार फिल्म MX प्लेयर पर मौजूद है।

#5

जानी दुश्मन

1979 की यह फिल्म हिंदी सिनेमा की यादगार हॉरर मिस्ट्री फिल्मों में से एक है। फिल्म एक ऐसे इलाके की कहानी है, जहां रहस्यमई तरीके से नई शादीशुदा लड़कियां गायब होती जाती हैं। राजकुमार कोहली द्वारा निर्देशित यह फिल्म अपनी अनोखी कहानी और बड़ी स्टारकास्ट के लिए पसंद की गई थी। फिल्म में नीतू कपूर से साथ रीना रॉय, रेखा, सुनील दत्त और शत्रुघ्न सिन्हा जैसे कलाकार नजर आए थे। सस्पेंस से भरपूर यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर है।