कंगना रनौत मामले में कल मुंबई क्राइम ब्रांच में अपना बयान दर्ज कराएंगे ऋतिक- रिपोर्ट
क्या है खबर?
बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री कंगना रनौत और दिग्गज अभिनेता ऋतिक रोशन के बीच हुआ विवाद काफी चर्चित रहा है।
बता दें कि इन दोनों के बीच अफेयर को लेकर हुआ विवाद क्राइम ब्रांच तक पहुंच चुका है।
कंगना के खिलाफ 2016 में ऋतिक ने FIR दर्ज करवाई थी। अब इसी मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने ऋतिक को शनिवार को मुंबई में अपना बयान दर्ज कराने के लिए कहा है।
रिपोर्ट
शनिवार सुबह 11 बजे बयान दर्ज कराएंगे ऋतिक
ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई क्राइम ब्रांच की क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट (CIU) ने ऋतिक को शनिवार को सुबह 11 बजे उनके सामने पेश होने के लिए बुलाया है।
2016 में ऋतिक द्वारा कंगना के खिलाफ दर्ज कराए गए मामले में अपना बयान दर्ज कराने के लिए ऋतिक को उपस्थित होने के लिए कहा गया है।
जांच एजेंसी फिलहाल कंगना और ऋतिक के इस मामले की जांच कर रही है।
विवाद
यहां से शुरू हुआ था दोनों के बीच विवाद
विवाद तब शुरू हुआ, जब कंगना ने एक इंटरव्यू में ऋतिक का नाम लिए बिना उन्हें 'सिली एक्स' कह दिया था। कंगना ने दावा किया था कि वह ऋतिक के साथ रिलेशनशिप में थीं।
ऋतिक ने यह आरोप लगाया था कि कंगना ने उन्हें कई ईमेल भेजे थे। ऋतिक के इस दावे को कंगना ने खारिज कर दिया था।
इन आरोपों पर कंगना ने कहा था कि कोई फ्रॉड उनके नाम से ऋतिक को ईमेल कर रहा था।
जानकारी
मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए ऋतिक ने दर्ज करवाया था मामला
ऋतिक ने आरोप लगाया था कि 2013-14 में कंगना ने उन्हें सैकड़ों ईमेल भेजे थे। कंगना ने कहा था कि उन्होंने ऋतिक को कभी ईमेल नहीं किए।
इसके बाद ऋतिक ने कंगना को सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने के लिए कहा, जिसके जवाब में कंगना ने माफी से इनकार कर दिया था।
इसके बाद ऋतिक ने मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कंगना के खिलाफ साइबर सेल में आईटी एक्ट और चीटिंग संबंधी धाराओं के तहत शिकायत दर्ज करवाई थी।
सूचना
ऋतिक के वकील ने की थी जांच की मांग
इस केस की जांच मुंबई की साइबर सेल यूनिट कर रही थी।
दिसंबर, 2020 में ऋतिक के वकील ने मुंबई कमिश्नर को पत्र लिखकर इस मामले की सही जांच की मांग की थी।
इसके बाद इस मामले में संज्ञान लेते हुए क्राइम ब्रांच के प्रभारी और मुंबई पुलिस के संयुक्त आयुक्त के आदेश पर ऋतिक रोशन के केस को क्राइम ब्रांच के 'क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट' (CIU) को सौंप दिया गया था।
कंगना-ऋतिक
कंगना और ऋतिक इन फिल्मों में दिखे थे एक साथ
कंगना और ऋतिक ने फिल्म 'काइट्स' और 'कृष 3' में एक साथ काम किया था।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो, 'कृष 3' की शूटिंग के दौरान इन दोनों के बीच प्रेम की खिचड़ी पक रही थी।
कंगना एक तरफ बॉलीवुड में सफलता की सीढ़ियां चढ़ रही थीं, वहीं उस वक्त ऋतिक की जिंदगी में अकेलापन हावी होने लगा था। यही वो दौर था, जब दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी थीं।
हालांकि, ऋतिक हमेशा इस अफेयर से इनकार करते रहे हैं।