Page Loader
क्राइम ब्रांच में पहुंचा ऋतिक रोशन और कंगना रनौत का विवाद

क्राइम ब्रांच में पहुंचा ऋतिक रोशन और कंगना रनौत का विवाद

Dec 15, 2020
12:58 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन और कंगना रनौत का 2016 से चला आ रहा मामला अब चार साल बाद क्राइम ब्रांच CIU (क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट) को ट्रांसफर कर दिया गया है। इसके लिए ऋतिक के वकील महेश जेठमलानी ने कुछ समय पहले ही मुंबई पुलिस कमिश्नर को एक खत लिखकर कहा था कि इस मामले में 2016 से अब तक कोई प्रगति नहीं हुई है। पहले ऋतिक और कंगना से जुड़े इस मामले की जांच साइबर पुलिस कर रही थी।

मामला

यहां से शुरू हुआ था मामला

गौरतलब है कंगना और ऋतिक के बीच यह विवाद तब शुरू हुआ कि जब कंगना ने एक इंटरव्यू में ऋतिक का नाम लिए बिना उन्हें 'सिली एक्स' कहा था। उन्होंने दावा किया था कि वह ऋतिक के साथ रिलेशनशिप में थीं और उन्होंने कंगना को कई ई-मेल्स भेजे थे। ऋतिक ने इस पर कहा था कि जिस ईमेल-आईडी से कंगना को मेल किए गए, वह उनकी नहीं है, बल्कि कोई फ्रॉड उनके नाम से कंगना से बात कर रहा था।

जांच

ऋतिक की शिकायत पर कंगना से हुई थी पूछताछ

2013-14 में ऋतिक को भी कंगना की ईमेल-आईडी से 100 से भी ज्यादा मेल्स भेजे गए थे। जिसकी अभिनेता 2016 में साइबर सेल में शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में IPC की धारा 419 और IT एक्ट की धारा 66(C) और 66(D) के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करवाई थी। इस मामले में कंगना का नाम सामने आया था। इसके बाद उनका और उनकी बहन रंगोली चंदेल का बयान भी दर्ज किया गया था।

खत

अब ऋतिक के वकील ने मुंबई पुलिस कमिश्नर को लिखा खत

वकील ने अपने खत में लिखा, 'मैं अपने मुवक्किल ऋतिक रोशन की ओर से यह खत लिख रहा हूं। हमारे मुवक्किल ने FIR CR No 78/2016 दिनांक 23/5/2016 को IPC की धारा 419, IT अधिनियम की धारा 66(C) और 66(D) के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करवाया था।' इसके साथ उन्होंने 2016 की FIR की कॉपी भी लगाई है। उन्होंने यह भी लिखा कि ऋतिक ने हर जांच में सहयोग किया है।

जानकारी

क्राइम ब्रांच अधिकारी ने की पुष्टि

अब क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी ने इस खबर की पुष्टि कर दी है। उन्होंने कहा कि अब CIU इस मामले की जांच करेगा। इसमें पहले पता लगाया जाएगा कि कहां जांच रुक गई थी और आगे की जांच शुरु होगी।

प्रतिक्रिया

कंगना ने ट्वीट में मामले पर जाहिर की प्रतिक्रिया

अब कंगना ने अपने एक ट्वीट में लिखा, 'उसकी कहानी फिर शुरू हो गई। हमारे ब्रेकअप और उसके तलाक को कितने साल बीत चुके हैं। लेकिन वह आगे बढ़ना से इंकार कर रहा है। किसी भी महिला को डेट करने से इंकार कर रहा है।' उन्होंने आगे लिखा, 'मैं जैसे ही अपनी निजी जिंदगी में कुछ पाने के लिए साहस जुटाती हूं, इसका नाटक फिर शुरू हो जाता है। ऋतिक कब तक रोएगा एक छोटे से अफेयर के लिए?'

ट्विटर पोस्ट

देखिए कंगना का ट्वीट

जानकारी

इन फिल्मों में साथ दिखे थे कंगना और ऋतिक

बता दें कि कंगना और ऋतिक ने 2010 में फिल्म 'काइट्स' और 2013 में 'कृष 3' में साथ काम किया था। खबरों के मुताबिक, 'कृष 3' की शूटिंग के दौरान ही इन दोनों में नजदीकियां बढ़ने लगी थीं।