Page Loader
शाहरुख खान ने इस वजह से ठुकरा दी रजनीकांत की फिल्म 'थलाइवर 171'
शाहरुख खान ने ठुकराई रजनीकांत की फिल्म

शाहरुख खान ने इस वजह से ठुकरा दी रजनीकांत की फिल्म 'थलाइवर 171'

Dec 17, 2023
02:43 pm

क्या है खबर?

शाहरुख खान ने इस साल एटली की फिल्म 'जवान' से खूब धमाल मचाया। इस फिल्म में दक्षिण भारत के कई कलाकार नजर आए थे। 'जवान' की सफलता के बाद उन्हें रजनीकांत की अगली फिल्म 'थलाइवर 171' में एक भूमिका का प्रस्ताव दिया गया था। इस फिल्म का निर्देशन लोकेश कनगराज कर रहे हैं। हाल ही में लोकेश की फिल्म 'लियो' चर्चा में थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, शाहरुख ने रजनीकांत अभिनीत फिल्म का प्रस्ताव ठुकरा दिया है।

खबर

अब एकल फिल्मों पर ध्यान देना चाहते हैं शाहरुख

लोकेश ने 'थलाइवर 171' के लिए शाहरुख से संपर्क किया था, लेकिन उन्होंने इसके लिए मना कर दिया, क्योंकि अब वह केवल ऐसी फिल्में करना चाहते हैं, जिसमें सिर्फ उनके किरदार पर फोकस हो। बीते दिनों 'टाइगर 3', 'ब्रह्मास्त्र', 'रॉकेट्री: द नांबी एफेक्ट' में उन्होंने कैमियो किया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इन फिल्मों के बाद शाहरुख अब ऐसी फिल्में नहीं करना चाहते हैं। हां, लेकिन वह लोकेश के साथ कोई अलग फिल्म करने के लिए बिल्कुल तैयार हैं।

रणवीर सिंह

रणवीर सिंह ने ली शाहरुख की जगह

खबरों की मानें तो शाहरुख के मना करने पर इस फिल्म के लिए रणवीर सिंह से संपर्क किया गया है। स्क्रिप्ट पढ़ने के बाद उन्होंंने इस भूमिका के लिए हां कर दी है। लोकेश की योजना है कि अगर दर्शकों को उनका किरदार पसंद आया तो वह इस किरदार पर 'थलाइवर 171' का स्पिन ऑफ भी बनाएंगे। ऐसे में यह रणवीर के लिए फायदे का सौदा साबित हो सकता है।

थलाइवर 171 

कुछ नया लेकर आएंगे लोकेश

हाल ही में लोकेश ने सोशल मीडिया पर घोषणा की थी कि वह इस फिल्म पर काम करने के लिए सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और मोबाइल फोन से ब्रेक ले रहे हैं। इस दौरान वह किसी के संपर्क में नहीं रहेंगे। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि वह जबरदस्त एक्शन फिल्म होगी। इसमें वह कुछ नया करने की कोशिश कर रहे हैं। रजनीकांत ने जब स्क्रिप्ट सुनी थी, तो उन्हें गले लगा लिया था।

डंकी 

'डंकी' के लिए चर्चा में शाहरुख

शाहरुख की अगली फिल्म 'डंकी' चर्चा में है। यह इस साल शाहरुख की तीसरी फिल्म है। इसके साथ ही उन्होंने पहली बार राजकुमार हिरानी के निर्देशन में काम किया है। 'डंकी' में शाहरुख के साथ तापसी पन्नू और विक्की कौशल भी नजर आएंगे। फिल्म 21 दिसंबर को रिलीज हो रही है। इसके अलावा वह सुजॉय घोष की एक क्राइम थ्रिलर फिल्म का भी हिस्सा हैं। इस फिल्म में उनकी बेटी सुहाना खान भी नजर आएंगी।