Page Loader
नागा चैतन्य-शोभिता धुलिपाला की पहली मुलाकात सगाई तक कैसे पहुंची?
नागा चैतन्य और शोभिता धुलिपाला कैसे मिले?

नागा चैतन्य-शोभिता धुलिपाला की पहली मुलाकात सगाई तक कैसे पहुंची?

Aug 08, 2024
04:37 pm

क्या है खबर?

साउथ के जाने-माने अभिनेता और सुपरस्टार नागार्जुन अक्किनेनी के बेटे नागा चैतन्य ने 8 अगस्त को शोभिता धुलिपाला से सगाई कर अपने प्रशंसकों को सरप्राइज दिया है। दोनों के अफेयर की खबरें तो काफी वक्त से गपशप गली में चल रही थीं, लेकिन न तो नागा ने अपने इस रिश्ते पर मोहर लगाई थी और ना ही शोभिता ने कुछ कहा था। अब जबकि उनकी सगाई हो चुकी है, आइए हम आपको उनकी लव स्टोरी के बारे में बताते हैं।

मौके

कई बार साथ-साथ दिखे नागा-शोभिता

बताया जाता है कि तेलुगु अभिनेता नागा ने अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु से अलग होने के कुछ महीनों बाद शोभिता को डेट करना शुरू कर दिया था। उनकी डेटिंग की अफवाहों को हवा तब मिली, जब उन्हें एक बार नहीं, बल्कि कई कार्यक्रमों में साथ-साथ देखा गया। उनकी छुट्टी की तस्वीरें भी खूब वायरल हुईं, वहीं लंच डेट और डिनर डेट भी चर्चा का विषय बनी। वो बात अलग है कि दोनों ने अपने अफेयर पर चुप्पी साधे रखी।

पहली मुलाकात

2022 में हुई थी पहली मुलाकात

हर किसी के मन में फिलहाल यही सवाल है कि नागा और शोभिता की पहली मुलाकात कब, कैसे और कहां हुई थी। दोनों की मुलाकात समांथा से नागा के तलाक के कुछ महीने बाद ही हुई थी। दोनों मई, 2022 में मिले थे। उन्हें पहली बार हैदराबाद में साथ देखा गया था। हैदराबाद में नागा का घर है, जबकि शोभिता वहां अपनी किसी फिल्म की शूटिंग करने के लिए गई थीं।

जश्न

नागा के साथ हैदराबाद में मनाया जन्मदिन

इसके बाद हैदराबाद में ही 31 मई को शोभिता ने नागा और उनके दोस्तों के साथ अपना जन्मदिन मनाया था। उसी समय पहली बार दोनों की कोई तस्वीर साथ खींची गई थी। ये दोस्ती समय के साथ गहरी होती चली गई। इस बीच उन्हें कई बार विदेश में भी एक साथ देखा गया। यूरोप में छुट्टी मनाते हुए भी उनकी एक रोमांटिक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई, लेकिन दोनों ने कभी डेटिंग की खबरों पर कुछ नहीं कहा।

डेटिंग

विदेश में शेफ के साथ भी वायरल हुई तस्वीर

इतना ही नहीं, इस बीच लंदन में उनकी छुट्टियों की एक और तस्वीर सोशल मीडिया पर चर्चा में आई, जब एक भारतीय शेफ ने नागा के साथ अपनी एक तस्वीर साझा की, जिसमें लोगों की नजरें पीछे बैठीं शोभिता पर जाकर थम गईं। दोनों ने कई बार जब एक ही जगह अलग-अलग तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा कीं तो उनके अफेयर की खबरें पुख्ता होती गईं। चैतन्य और शोभिता का रिश्ता समय के साथ-साथ और मजबूत होता चला गया।

जानकारी

नागा ने सामंथा से की थी शादी

नागा ने पहले सामंथा संग घर बसाया था। कई सालों तक डेटिंग करने के बाद उन्होंने 2017 में शादी कर ली थी। हालांकि, उनकी शादी ज्यादा चल नहीं पाई और 4 साल बाद तलाक ले लिया। उनके अलगाव ने लोगों को हैरान कर दिया था।