
कौन हैं 'डांस दीवाने 4' के विजेता नितिन-गौरव? जीती हुई राशि से करेंगे ये काम
क्या है खबर?
टीवी का मशहूर रियलिटी डांस शो 'डांस दीवाने 4' शुरुआत से सुर्खियों में बना हुआ था। पिछले काफी दिनों से दर्शक उत्सुकता के साथ इसके ग्रैंड फिनाले का इंतजार कर रहे थे।
आखिरकार बीते दिन (25 मई) माधुरी दीक्षित और सुनील शेट्टी द्वारा जज किए जाने वाले रियलिटी शो को नितिन और गौरव शर्मा की जोड़ी के रूप में अपने विजेता मिल गए हैं।
चलिए जानते हैं आखिर कौन हैं नितिन और गौरव। इसके साथ ही उन्होंने कितनी रकम जीती।
जीत
ट्रॉफी के साथ मिला नकद इनाम
नितिन और गौरव को शनिवार को हुए रोमांचक फिनाले में विजेता घोषित किया गया।
कथित तौर पर, इस विजेता जोड़ी को जीत के साथ एक चमचमाती ट्रॉफी मिली। इसके साथ ही दोनों को 20 लाख रुपये का नकद पुरस्कार भी मिला।
कलर्स TV ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर भी एक पोस्ट के जरिए विजेताओं की घोषणा की।
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, 'डांस दीवाने की ट्रॉफी हुई नितिन और आदर्श शर्मा के नाम। विजेताओं को बधाई।'
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें पोस्ट
Dance Deewane ki trophy hui #GauravSharma aur #NithinNJ ke naam. Congratulations to the winners. 🏆🥳#DanceDeewane #DanceDeewaneGrandFinale@MadhuriDixit @sunielvshetty @bharti_lalli pic.twitter.com/ly06g3jzWp
— ColorsTV (@ColorsTV) May 25, 2024
परिचय
कौन हैं नितिन और गौरव?
नितिन और गौरव ने बेशक स्टेज पर जोड़ी बनाकर धमाल मचाया हो, लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि ये दोनों देश के दो अलग-अलग कोनों से आते हैं।
नितिन का जन्म बेंगलुरु में हुआ और उन्होंने महज 19 की उम्र में अपने माता-पिता को गौरवान्वित किया है, वहीं 22 साल के गौरव देश की राजधानी दिल्ली से वास्ता रखते हैं।
दोनों के अलग-अलग राज्य से होने के बाद भी उनके डांस के प्रति जुनून ने उन्हें यह जीत दिलाई।
जानकारी
कैसे की दोनों ने बातचीत?
ईटाइम्स से गौरव ने नितिन के साथ अपने रिश्ते के बारे में कहा कि वे एक-दूसरे की भाषा नहीं समझ पाते थे। नितिन हिंदी नहीं बोल सकते और वह कन्नड़ नहीं बोल सकते, लेकिन उन्होंने संगीत और डांस के माध्यम से बातचीत की।
इस्तेमाल
20 लाख रुपये से क्या करेंगे नितिन और गौरव?
एक इंटरव्यू में नितिन और गौरव ने बताया की वह अपनी जीती हुई राशि का क्या करेंगे।
गौरव के अनुसार वो इनाम की राशि से अपने पापा का लोन चुकाएंगे और बाकी बचे हुए पैसे भी वो अपने पापा को ही दे देंगे, वहीं नितिन अपनी जीती हुई राशि अपने माता-पिता को और कुछ राशि एक चैरिटेबल ट्रस्ट को देना चाहते हैं।
ये दोनों आगे चलकर ऋतिक रोशन और प्रभुदेवा जैसे सितारों को कॉरियोग्राफर करना चाहते हैं।
परफॉर्मेंस
जश्न में शामिल हुए कार्तिक आर्यन
'डांस दीवाने 4' का ग्रैंड फिनाले बेहद शानदार रहा। इसमें ना केवल प्रतियोगियों का, बल्कि माधुरी और सुनील की भी डांस परफॉर्मेंस देखने को मिली।
जहां माधुरी ने फिल्म 'बाहुबली' के गाने 'खोया है' पर डांस किया, वहीं सुनील ने अपनी फिल्म 'बॉर्डर' के गाने 'संदेशे आते हैं' पर ठुमके लगाए।
कार्तिक आर्यन भी इस जश्न में शामिल हुए। वह अपनी आगामी फिल्म 'चंदू चैंपियन' का प्रचार करने यहां पहुंचे थे। यह फिल्म 14 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।