अनुराग कश्यप की ये पांच बेहतरीन फिल्में आपको जरूर देखनी चाहिए
क्या है खबर?
अनुराग कश्यप बॉलीवुड के ऐसे निर्देशक हैं, जो अलग तरह की फिल्मों के लिए जाने जाते हैं।
वो एक ऐसे निर्देशक हैं, जो फिल्मों में प्रयोग करने से पीछे नहीं हटते। यही वजह है कि एक बड़ा वर्ग अनुराग की फिल्मों का दीवाना है।
उन्होंने अपने करियर में कई ऐसी फिल्में बनाई हैं, जिसकी वजह से वो सबके चहेते निर्देशक बन गए हैं।
आज हम आपको अनुराग की पांच ऐसी ही फिल्मों के बारे में बताने जा रहे हैं।
#1
ब्लैक फ्राइडे (2004)
अनुराग कश्यप द्वारा निर्देशित यह फिल्म 1993 में हुए मुंबई बम ब्लास्ट के ऊपर आधारित है।
फिल्म में बम ब्लास्ट के बाद होने वाली जांच प्रक्रिया के बारे में विस्तार से दिखाया गया है। फिल्म में जांच के समय आतंकवादियों की मनोस्थिति के बारे में भी अच्छे से दिखाया गया है।
इसमें केके मेनन, पवन मल्होत्रा, आदित्य श्रीवास्तव जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं।
इस फिल्म को आप डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर देख सकते हैं।
#2
रिटर्न ऑफ हनुमान (2007)
ऐसा नहीं है कि अनुराग ने केवल बड़े दर्शकों का ख्याल रखा है। उन्होंने बच्चों को ध्यान में रखकर 'रिटर्न ऑफ हनुमान' का निर्देशन किया था, जिसे बच्चों ने खूब पसंद किया।
फिल्म में हनुमान जी एक बच्चे की मदद करते हैं, जिसे उसके आस-पास के लोग परेशान करते हैं।
फिल्म में ग्लोबल वार्मिंग के मुद्दे को भी उठाया गया और बच्चों को जागरूक करने की कोशिश की गई है।
इस फिल्म को आप MX प्लेयर पर देख सकते हैं।
#3
गुलाल (2009)
अनुराग की 'गुलाल' एक पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म है, जिसमें कॉलेज की राजनीति के बारे में अच्छे से दिखाया गया है।
फिल्म राजस्थानी परंपरा के ऊपर आधारित है, जहां जातिवाद की जड़ें बहुत गहराई से जमी हुई हैं। लोग झूठी आन-बान के चक्कर में खून-खराबा करते हैं।
इसमें के. के. मेनन, राज सिंह चौधरी, अभिमन्यु सिंह, दीपक डोबरियाल, पीयूष मिश्रा और आएशा मोहन मुख्य भूमिकाओं में हैं।
इस फिल्म को आप यूट्यूब पर देख सकते हैं।
#4
देव डी (2009)
अनुराग द्वारा निर्देशित 'देव डी' ब्लैक कॉमेडी रोमांस ड्रामा फिल्म है। यह क्लासिक फिल्म 'देवदास' का मॉडर्न ऐडैप्टेशन है।
फिल्म में वर्तमान समय में जिस तरह से प्यार होता है, उसे बहुत खूबसूरती से दिखाया गया है। यह फिल्म युवाओं को काफी पसंद आई थी।
इसमें अभय देओल, माही गिल और कल्कि कोचलिन मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म में सभी कलाकारों ने बेहतरीन काम किया है।
इस फिल्म को आप नेटफ्लिक्स और यूट्यूब पर देख सकते हैं।
#5
गैंग्स ऑफ वासेपुर 1, 2 (2012)
'गैंग्स ऑफ वासेपुर' फिल्म के दोनों भाग अनुराग की सबसे बेहतरीन फिल्मों में से एक है। यह फिल्म एक पारिवारिक बदले के ऊपर आधारित है।
इसमें दिखाया गया है कि किस तरह बदले की आग में जलने वाले अपना और अपने परिवार का जीवन बर्बाद कर देते हैं।
फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी, मनोज बाजपेयी, ऋचा चड्ढा, हुमा कुरेशी और तिग्मांशु धूलिया मुख्य भूमिकाओं में हैं।
इसे आप नेटफ्लिक्स, अमेजन प्राइम और MX प्लेयर पर देख सकते हैं।