Page Loader
सपना चौधरी और परिवार के खिलाफ दहेज प्रताड़ना के लिए दर्ज हुई FIR
सपना चौधरी के खिलाफ केस दर्ज (तस्वीर: इंस्टागआम/@ itssapnachoudhary)

सपना चौधरी और परिवार के खिलाफ दहेज प्रताड़ना के लिए दर्ज हुई FIR

Feb 04, 2023
06:24 pm

क्या है खबर?

मशहूर हरियाणवी सिंगर और डांसर सपना चौधरी कानूनी मुश्किल में फंस चुकी हैं। उनके और उनके परिवार खिलाफ दहेज प्रताड़ना के लिए FIR दर्ज की गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सपना के भाई की पत्नी ने पलवल में परिवार के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। हालांकि, मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। परिवार पर क्रेटा गाड़ी लाने का दबाव बनाने का आरोप है।

खबर

परिवार पर लगे संगीन आरोप

रिपोर्ट्स के अनुसार, सपना की भाभी ने उनके भाई पर अप्राकृतिक यौन शौषण जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि 2018 में सपना के भाई कर्ण से शादी के बाद से ही उन्हें दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उनके साथ कई बार मारपीट भी की गई। इसके बाद उनसे हुंडई क्रेटा गाड़ी की मांग भी की गई। उनके पिता ने सोने-चांदी, नकद और मंहगे कपड़े दिए थे, लेकिन ससुरालवाले क्रेटा की जिद पर अड़े रहे।

आरोप

छह महीने से मायके में रह रही हैं सपना की भाभी

सपना की भाभी का आरोप है कि मई, 2020 में उनके पति ने शराब के नशे में उनके साथ मारपीट की थी और अप्राकृतिक यौन संबंध भी बनाए थे। करीब छह महीने से वह अपने मायके पलवल में रह रही हैं। अभी तक इस मामले में किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस का कहना है कि वो मामले की जांच कर रही है। आरोप तय होने पर ही किसी को गिरफ्तार किया जाएगा।

धोखाधड़ी

पिछले साल धोखाधड़ी के आरोप में फंसी थीं सपना

पिछले साल नवंबर में भी सपना के खिलाफ FIR दर्ज हुई थी। धोखाधड़ी के मामले में लखनऊ में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज की गई थी। उन पर पैसे लेकर कार्यक्रम में परफॉर्म न करने का आरोप था। इस मामले में सपना समेत चार अन्य आरोपियों पर आरोप तय हुए थे। इस मामले में सपना के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट भी जारी किया गया था, जिसके बाद वह कोर्ट में पेश हुई थीं।

लोकप्रियता

'बिग बॉस' के बाद बढ़ी थी सपना की लोकप्रियता

सपना ने हरियाणवी गानों पर डांस कर अपनी एक अलग पहचान बनाई है। वह बड़े-बड़े कार्यक्रमों में मंच पर अपने प्रदर्शन के लिए लोकप्रिय हैं। सपना ने महज 13 साल की उम्र से ही डांस करना शुरू कर दिया था। सपना चौधरी के गाने आज शादी और पार्टियों की जान होते हैं। सपना ने हरियाणवी इंडस्ट्री के साथ, भोजपुरी, पंजाबी और बॉलीवुड इंडस्ट्री में भी काम किया है। 'बिग बॉस' में हिस्सा लेकर सपना घर-घर में लोकप्रिय हो गई थीं।