धारावाहिक 'बड़े अच्छे लगते हैं' के 10 साल, एकता ने शेयर कीं शो से जुड़ीं यादें
क्या है खबर?
लोकप्रिय धारावाहिक 'बड़े अच्छे लगते हैं' की रिलीज के 10 साल पूरे हो गए हैं। साक्षी तंवर और राम कपूर ने इस शो में अहम भूमिका निभाई थी।
हाल ही में देश में लगे लॉकडाउन के बीच सोनी टीवी पर शो को फिर टेलीकास्ट किया गया था।
इम्तियाज पटेल के गुजराती नाटक 'पटरानी' से प्रेरित इस शो की निर्माता एकता कपूर थीं। एकता ने शो से जुड़ा एक वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है।
आइए जानते हैं उन्होंने क्या कहा।
यादें
एकता ने साझा किया शो का प्रोमो
एकता ने शो में राम और प्रिया (साक्षी तंवर) की प्यारी नोक-झोंक सोशल मीडिया पर पोस्ट की है।
शो का प्रोमो को शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, 'बड़े अच्छे लगते हैं के 10 साल। यही ताना आज सुबह मैंने सुना। इसमें कितने प्यार का अनुभव है। इस परिपक्व प्यार की जितनी तारीफ की जाए कम है।'
इसके साथ ही एकता ने इस धारावाहिक के लिए राम कपूर, साक्षी तंवर, मीतू सोनी, साथ ही साथ पूरी टीम को धन्यवाद भी दिया।
पहचान
सुमोना चक्रवर्ती ने कहा- यह धारावाहिक मेरे लिए मील का पत्थर साबित हुआ
सीरियल के 10 साल होने की ख़ुशी में सुमोना चक्रवर्ती ने राम की छोटी बहन नताशा का किरदार निभाया था। उन्होंने भी अपनी अदाकारी से दर्शकों का दिल जीत लिया था
सुमोना ने अपने पोस्ट में लिखा, 'बड़े अच्छे लगते हैं से मेरे करियर को ऊंचाइयां मिलीं। एक ऐसा शो, जो निर्माता, लेखक, पूरी कास्ट और क्रू की वजह से सफल रहा। शो खत्म होने के बाद भी हम पर ढेर सारा प्यार बरसाने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।'
जानकारी
कैसी थी 'बड़े अच्छे लगते हैं' की कहानी?
'बड़े अच्छे लगते हैं' राम और प्रिया की एक हटके प्रेम कहानी पर आधारित था।
इसमें राम कपूर और साक्षी तंवर घर की जिम्मेदारियों के चलते शादी नहीं करते हैं, लेकिन कुछ समय बाद ऐसे हालात बनते हैं कि दोनों को ना चाहते हुए भी एक-दूसरे के साथ शादी करना पड़ती है और असली कहानी यहीं से शुरू होती है।
राम और साक्षी की केमिस्ट्री ने शो के लिए बड़े पैमाने पर दर्शकों को इकट्ठा किया था।
लोकप्रियता
फिल्म 'बालिका बधू' के हिट गाने से प्रेरित था इस शो का टाइटल
2011 में शुरू हुए इस शो की शुुरुआत होने के बाद 2014 में इसका प्रसारण बंद हुआ था। शायद ही आप इस बात से वाकिफ होंगे कि इस शो का नाम और थीम सॉन्ग फिल्म 'बालिका बधू' के गाने से प्रेरित था।
बता दें कि 1976 में रिलीज हुई रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'बालिका बधू' का गाना 'बड़े अच्छे लगते हैं' सुपरहिट रहा था। फिल्म के इस गाने को आर. डी बर्मन ने कंपोज किया था।