'दृश्यम 3' की सफलता के बाद चौथा भाग नहीं बनाएंगे अभिषेक पाठक, खुद बताई वजह
क्या है खबर?
अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम 3' 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता के बीच निर्देशक अभिषेक पाठक ने फ्रेंचाइजी के भविष्य को लेकर अपनी राय रखी है। उनका मानना है कि कहानी अपने स्वाभाविक अंजाम तक पहुंच चुकी है। अभिषेक ने इसके चौथे भाग की संभावना से भी इनकार किया और कहा कि कहानी का अंत बिल्कुल सही तरीके से हुआ है।
पसंद
दर्शकों को पसंद आ रही है 'दृश्यम 3'
अभिषेक ने कहा, "मुझे उम्मीद है कि 2 अक्टूबर को 'दृश्यम डे' के तौर पर मनाया जाता रहेगा। हम सभी का मानना है कि यह फिल्म का आखिरी हिस्सा है। जाहिर है, दर्शकों को पसंद आ रही है और वे इसकी चर्चा भी कर रहे हैं, लेकिन 'दृश्यम' ऐसी फ्रेंचाइजी नहीं है, जिसके लिए हम बस एक और फिल्म बनाने का फैसला कर लें। यह पूरी तरह से कहानी पर निर्भर करती है और कहानी खत्म हो चुकी है।"
खुलासा
क्या 'दृश्यम 3' का बनेगा चौथा भाग
अभिषेक ने आगे कहा, "कहानी का अंत अच्छे तरीके से किया गया है। लोगों को यही बात पसंद आई। बहुत से लोग मुझसे कह रहे हैं कि इसका चौथा भाग आ सकता है। अगर चाहें तो कहानी को और आगे बढ़ाया जा सकता है, लेकिन बात यह नहीं है। हमें इसे किसी न किसी मोड़ पर खत्म करना ही था और यह इस फ्रेंचाइजी का एक शानदार अंत था। 'दृश्यम 3' को देखने अभी भी लोग थिएटर जा रहे हैं।"
स्टार कास्ट
ये हैं फिल्म के स्टार कास्ट
अभिषेक कहते हैं, "दूसरे वीकेंड में इसने 60 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है। यह ऐसा आंकड़ा है, जिसे कई फिल्में अपनी पूरी लाइफटाइम में भी हासिल नहीं कर पातीं।"
'दृश्यम 3' में अजय ने विजय सलगांवकर की भूमिका में वापसी की है। इस फिल्म में उनके साथ-साथ तब्बू, श्रिया सरन, इशिता दत्ता और जयदीप अहलावत मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।