'ये रिश्ता क्या कहलाता है' की अभिनेत्री दिव्या भटनागर का निधन, मिली थीं कोरोना पॉजिटिव
क्या है खबर?
छोटे पर्दे से जुड़ी एक बुरी खबर सामने आ रही है। दरअसल, जानी-मानी अदाकारा दिव्या भटनागर का निधन हो गया है।
टीवी सीरियल 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में गुलाबो का किरदार निभाने वाली दिव्या पिछले कई दिनों से ICU में थीं। इसके बाद उनकी कोरोना रिपोर्ट् भी पॉजिटिव आई। इसके अलावा वह पहले से ही निमोनिया से भी जूझ रही थीं।
अभिनेत्री की हालात गंभीर होने के बाद ही उन्हें गोरेगांव के SRV अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
अस्पताल में भर्ती
26 नवंबर से अस्पताल में भर्ती थीं दिव्या
खबरों के मुताबिक, दिव्या को 26 नवंबर को अस्पताल में भर्ती किया था। इसके बाद 28 नंवबर को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
उनका तापमान और ऑक्सीजन लेवल शुरुआत से ही चिंता का विषय बना हुआ था। इन्हीं समस्याओं के चलते दिव्या को वेंटिलेटर पर रखा गया था।
अब दिव्या के एक दोस्त युवराज रघुवंशी ने स्पॉटबॉय से बातचीत में बताया, "दिव्या का निधन आज सुबह 3 बजे हो गया। उन्हें सेवेन हिल्स अस्पताल में शिफ्ट किया गया था।"
तबीयत
रात में बिगड़ने लगी थी दिव्या की तबीयत
युवराज ने कहा, "रात को करीब 2 बजे दिव्या की तबीयत बिगड़ने लगी उन्हें सांस लेने में परेशान हो रही थी। जिसके बाद 3 बजे डॉक्टर्स ने बता दिया कि दिव्या अब इस दुनिया में नहीं रहीं।"
युवराज ने कहा, "मेरे और उनके परिवार के लिए यह खबर एक बहुत बड़ा सदमा है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।"
अभिनेत्री के निधन से पूरी टीवी इंडस्ट्री शोक में है। सितारे सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
हेल्थ
दिव्या के भाई ने दी थी हेल्थ की जानकारी
कुछ दिन पहले ही दिव्या के भाई देवाशीष भटनागर ने TOI को बताया था कि उन्होंने दिव्या को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट कर दिया है।
उन्होंने कहा, "26 नवंबर को उन्हें भर्ती किया गया और 28 नवंबर को वह कोरोना पॉजिटिव मिली। उन्हें पहले से ही निमोनिया था। जो कोरोना के कारण और खराब हो गया। शुरुआत में उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी। जिसकी वजह से उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया।"
निजी जिंदगी
दिव्या की मां ने की थी बिगड़ी शादी पर चर्चा
कुछ समय पहले ही गुरुग्राम से मुंबई पहुंची दिव्या की मां ने TOI से बातचीत में बताया था, "दिव्या को पिछले छह दिनों से बुखार था। उन्हें घबराहट हो रही थी। मैं दिल्ली से एक ऑक्सीमीटर लेकर आई। हमने उनका ऑक्सीजन लेवल चेक किया तो यह काफी गिर चुका था।"
उन्होंने यह भी बताया था कि दिव्या का पति गगन एक धोखेबाज शख्स है। जो उन्हें छोड़कर चला गया। उसने दिव्या की तबीयत के बारे में भी जानकारी नहीं ली।
जानकारी
इन टीवी सीरियल्समें नजर आ चुकी हैं दिव्या
गौरतलब है कि दिव्या को 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' के अलावा 'तेरा यार यार हूं मैं', 'उड़ान', 'जीत गई तो पिया मोरे' और 'विष' जैसे कुछ लोकप्रिय टीवी सीरियल्स में भी देखा जा चुका है।