Page Loader
हरियाणवी डांसर सपना चौधरी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला, कोर्ट ने तय किए आरोप
कोर्ट ने सपना चौधरी के खिलाफ तय किए आरोप (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@itssapnachoudhary)

हरियाणवी डांसर सपना चौधरी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला, कोर्ट ने तय किए आरोप

Nov 05, 2022
03:30 pm

क्या है खबर?

हाल ही में धोखाधड़ी के एक मामले में मशहूर हरियाणवी डांसर और गायिका सपना चौधरी के खिलाफ लखनऊ की एक कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। उन पर एक इवेंट में पैसे लेकर परफॉर्म नहीं करने का आरोप लगा था। अब इस मामले में उत्तर प्रदेश की एक कोर्ट ने सपना और चार अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए हैं। हालांकि, सपना ने हमेशा इन आरोपों को बेबुनियाद करार दिया है।

रिपोर्ट

12 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई

समाचार एजेंसी PTI के अनुसार, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शांतनु त्यागी की अदालत ने भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 406 और 420 के तहत आरोप तय किए हैं। सुनवाई के दौरान सपना और अन्य आरोपी कोर्ट में मौजूद थे। कोर्ट ने सुनवाई की अगली तारीख 12 दिसंबर तय की है। सपना के अलावा अन्य आरोपियों में जुनैद अहमद, इवाद अली, अमित पांडे और रत्नाकर उपाध्याय का नाम शामिल है।

मामला

14 अक्टूबर, 2018 को दर्ज कराई गई थी FIR

इस मामले में 14 अक्टूबर, 2018 को लखनऊ के आशियाना थाने में FIR दर्ज कराई गई थी। शिकायत के अनुसार, सपना और अन्य कलाकारों को 13 अक्टूबर, 2018 को दोपहर 2 बजे से 10 बजे तक एक डांस कार्यक्रम में परफॉर्म करना था। लखनऊ के इस कार्यक्रम में सपना नहीं पहुंच पाई थीं, जिसके बाद मामला कोर्ट में जा पहुंचा। शिकायत में बताया गया था कि दर्शकों ने 300-300 रुपये देकर शो के टिकट खरीदे थे।

पेशी

19 सितंबर को लखनऊ की कोर्ट में पेश हुई थीं सपना

गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद सपना 19 सितंबर को लखनऊ के ACJM कोर्ट में पेश हुई थीं। उन्हें थोड़ी देर के लिए हिरासत में लेने के बाद छोड़ दिया गया था। इससे पहले सुनवाई के दौरान हाजिर नहीं होने के चलते कोर्ट ने उन्हें फटकार लगाई थी। सपना ने अपने खिलाफ FIR को रद्द कराने के लिए अदालत का दरवाजा भी खटखटाया था। हालांकि, कोर्ट ने उन्हें राहत देने से इनकार कर दिया था।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

यह पहला मामला नहीं है, जिसमें सपना पर धोखाधड़ी का आरोप लगा है। फरवरी, 2021 में दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने उनके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। एक सेलिब्रिटी मैनेजमेंट कंपनी ने उन पर एग्रीमेंट तोड़ने का आरोप मढ़ा था।

करियर

'बिग बॉस 11' में भाग लेने के बाद बढ़ी सपना की लोकप्रियता

सपना बड़े-बड़े कार्यक्रमों में मंच पर अपने स्टेज प्रदर्शन के लिए जानी जाती हैं। 'बिग बॉस 11' में भाग लेने के बाद उनकी लोकप्रियता में इजाफा हुआ। वह कुछ समय पहले रवि किशन और मनोज तिवारी के साथ एंड टीवी के एक शो 'मौका-ए-वारदात' को होस्ट करती हुई नजर आई थीं। उन्होंने हरियाणवी इंडस्ट्री के साथ, भोजपुरी, पंजाबी और बॉलीवुड इंडस्ट्री में भी काम किया है। उन्होंने फिल्म 'दोस्ती के साइड इफेक्ट्स' से बॉलीवुड में अपना डेब्यू किया था।