कॉमेडियन वीर दास का नया दांव, फाउंड फुटेज हॉरर फिल्म में आजमाएंगे हाथ
क्या है खबर?
कॉमेडियन-अभिनेता वीर दास अपनी नई परियोजना को लेकर चर्चा में हैं। खबर है कि वह अपनी अगली निर्देशित फिल्म के रूप में एक नए रचनात्मक क्षेत्र में कदम रखने जा रहे हैं। यह एक फाउंड फुटेज हॉरर फिल्म होगी जिसका निर्माण उनके बैनर, जाजू प्रोडक्शंस द्वारा किया जाएगा। बता दें, फिल्मांकन की दुनिया में 'फाउंड फुटेज' एक ऐसी शैली है, जिसमें फिल्म को इस तरह प्रस्तुत करते हैं, जैसे कि वह किसी असल घटनाओं की रिकॉर्डिंग हो।
शीर्षक
वीर दास की फिल्म का ये होगा शीर्षक
वैरायटी इंडिया के मुताबिक, फाउंड फुटेज हॉरर फिल्म का शीर्षक 'बारा नंबर' होगा, जिसके लिए वीर दास और कवि शास्त्री दोबारा साथ आएंगे। दोनों मिलकर फिल्म का निर्देशन करेंगे। इससे पहले, दोनों ने जासूसी फिल्म 'हैप्पी पटेल' का निर्देशन किया था, जो आमिर खान के प्रोडक्शन द्वारा निर्मित थी। यह जनवरी, 2026 को रिलीज हुई थी और अब नेटफ्लिक्स पर मौजूद है। घोषणा के अनुसार, 'बारा नंबर' को "फाउंड फुटेज हॉरर नैरेटिव" के रूप में विकसित किया जा रहा है।
शूटिंग
जून में शुरू होगी फिल्म की शूटिंग
रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म की शूटिंग जून, 2026 से शुरू कर दी जाएगी। पहले शेड्यूल के लिए मुंबई को चुना है। इस परियोजना के जरिए वीर दास हॉरर जॉनर में एक अनोखा और अनूठा दृष्टिकोण पेश करने के लिए तैयार है। यही नहीं, फिल्म में कई कलाकारों के साथ कहानी कहने की अपनी प्रवृत्ति को जारी रखते हुए, कॉमेडियन खुद भी इसमें अभिनय करते हुए नजर आएंगे। हालांकि, फिल्म की रिलीज और कलाकारों का खुलासा होना अभी बाकी है।