'वीर-जारा' से 'गदर' तक, इन बॉलीवुड फिल्मों में दिखा सरहद पार वाला प्यार
क्या है खबर?
गंभीर, भावुक रोमांस हमेशा से बॉलीवुड फिल्मों का केंद्रिय विषय रहा है।
बॉलीवुड में कई फिल्में बनीं, जो सरहद पार के प्यार पर आधारित थीं। प्यार की गहराइयों को दिखातीं ये कहानियां हमेशा दर्शकों का दिल छूती हैं।
खासकर, दुश्मन मुल्क माने-जाने वाले भारत और पाकिस्तान के बीच पनपने वाले प्यार की कहानियां हर किसी को भावुक करती हैं।
नजर डालते हैं बॉलीवुड की ऐसी ही दमदार फिल्मों पर, जिनमें भारत-पाकिस्तान के जोड़ियों को दिखाया गया।
#1
वीर-जारा
2004 की फिल्म 'वीर-जारा' प्यार की मार्मिक कहानी है।
फिल्म में प्रीति जिंटा एक पाकिस्तानी लड़की जारा के किरदार में हैं, जिससे भारतीय वायुसेना अधिकारी वीर (शाहरुख खान) को प्यार हो जाता है।
वीर अपनी जारा को लेने के लिए सरहद पार करता है। उसे वहां 22 साल जेल में बिताने पड़ते हैं।
यश चोपड़ा की यह फिल्म अपने गहरे संवादों और संगीत के लिए भी पसंद की जाती है। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर देखी जा सकती है।
#2
गदर
2001 में आई 'गदर' भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनी थी। फिल्म में तारा सिंह (सनी देओल) और सकीना (अमीषा पटेल) की प्रेम कहानी देखने को मिली थी।
इसमें दिखाया गया था कि कैसे तारा अपने बच्चे के साथ अपनी पत्नी सकीना को छुड़ाने के लिए सरहद पार करके पाकिस्तान जाता है।
सनी देओल के एक्शन से भरपूर यह फिल्म बॉलीवुड की यादगार फिल्मों में से एक है।
इस फिल्म को आप ZEE5 पर देख सकते हैं।
#3
रिफ्यूजी
2000 में आई 'रिफ्यूजी' अभिषेक बच्चन और करीना कपूर दोनों की डब्यू फिल्म थी। फिल्म एक युवा लड़के की कहानी थी, जो शरणार्थियों को भारत-पाकिस्तान सीमा पार करवाने में मदद करता है।
वह ऐसे ही एक बांग्लादेशी परिवार को पाकिस्तान पहुंचाने का जिम्मा लेता है। इस सफर में उस परिवार की बेटी नजनीन से प्यार हो जाता है।
यह एक बेहतरीन म्यूजिकल ड्रामा फिल्म थी, जिसका निर्देशन ओपी दत्ता ने किया था। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद है।
#4
टाइगर
2012 में आई फिल्म 'एक था टाइगर' में सलमान खान और कैटरीना कैफ की जोड़ी देखने को मिली थी।
फिल्म में सलमान ने एक भारतीय जासूस अविनाश राठौड़ और कैटरीना ने पाकिस्तानी जासूस जोया की भूमिका निभाई थी। एक मिशन पर साथ काम करते हुए, दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो जाता है।
2017 में फिल्म का सीक्वल 'टाइगर जिंदा है' रिलीज किया गया था।दोनों फिल्में आप अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।
#5
मिशन मजनू
भारत-पाकिस्तान की बीच प्रेम कहानी को दिखाती यह बॉलीवुड की हालिया फिल्मों में से एक है।
फिल्म में 1971 के युद्ध के बाद पाकिस्तान में मौजूद एक भारतीय जासूस को दिखाया गया है। उसे एक पाकिस्तानी लड़की से मोहब्बत हो जाती है और वह उससे शादी कर लेता है।
अपने मिशन पर निकलने से पहले वह अपनी पत्नी के भारत जाने का इंतजाम कर जाता है।
सिद्धार्थ मल्होत्रा और रश्मिका मंदाना की यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर है।