अमेजन प्राइम वीडियो और नेटफ्लिक्स पर देखें छोटे शहरों पर बनीं ये फिल्में
क्या है खबर?
छोटे शहर और छोटे शहरों में रहने वाले मिडिल क्लास की कहानी इन दिनों फिल्म निर्माताओं के बीच काफी लोकप्रिय है।
ऐसी कहानियों से दर्शक खुद को जुड़ा हुआ महसूस करते हैं। इन कहानियों के जरिए फिल्में समाज की कमियों को भी उजागर करने का काम कर रही हैं।
बीते दशक में छोटे शहरों पर आधारित कई बॉलीवुड फिल्में बनीं, जिन्हें सिनेमाघरों में खूब सफलता मिली।
आइए, जानते हैं ऐसी ही कुछ खट्टी-मीठी कहानियों वाली फिल्मों के बारे में।
#1
रांझणा
फिल्म एक तमिल-बनारसी प्रेमी की प्रेम कहानी है। इसके दृश्य, संवाद और संगीत में बनारस के रंग-ढंग को बेहतरीन तरीके से दिखाया गया है।
सोनम कपूर और धनुष के अलावा फिल्म में जीशान आयुब, स्वरा भास्कर और अभय देओल भी हैं।
फिल्म के संगीत की भी अलग लोकप्रियता है। आनंद एल राय की इस फिल्म में एआर रहमान ने संगीत दिया है और हिमांशु शर्मा ने कहानी लिखी है।
यह फिल्म आप अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।
#2
तनु वेड्स मनु
आर माधवन और कंगना रनौत की यह फिल्म 2011 में आई थी। फिल्म का प्लॉट कानपुर शहर पर बनाया गया है।
उत्तर प्रदेश के शहरों की कहानियां दर्शकों के दिलों में अलग ही जगह बनाती हैं।
अरेंज मैरिज, लड़कियों पर समाज का दबाव, अभिभावकों की उम्मीदें और लोकल दबंगों जैसे तत्व इस कहानी में बेहतरीन पिरोए गए हैं।
फिल्म के लिए कंगना को राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था। 2015 में फिल्म का सीक्वल भी आया।
यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
कंगना रनौत को 2010 में 'फैशन' के लिए सर्वश्रेष्ठ सह-अभिनेत्री के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था। इसके बाद कंगना ने 2015 में 'क्वीन', 2016 में 'तनु वेड्स मनु' और 2021 में 'मणिकर्णिका' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार जीता।
#3
मसान
'मसान' बॉलीवुड में मील का पत्थर साबित हुई। इसके बाद दर्शक मसाला फिल्मों की बजाय अच्छी स्क्रिप्ट वाली फिल्मों की ओर मुड़ने लगे।
'मसान' को इलाहाबाद और बनारस में फिल्माया गया है।
यह छोटे शहरों में छिपकर परवान चढ़ने वाले प्यार की कहानी है। यह सबकुछ खत्म होने के बाद एक नई सुबह की ओर बढ़ने की कहानी है।
ऋचा चड्ढा, श्वेता त्रिपाठी, विक्की कौशल ने फिल्म को अपने अभिनय से बेमिसाल बना दिया।
यह फिल्म आपको नेटफ्लिक्स पर मिलेगी।
#4
दम लगा के हइशा
फिल्म की कहानी हरिद्वार के प्रेम की है। प्रेम एक कैसेट की दुकान चलाता है और उसकी परिवार से अकसर अनबन रहती है।
प्रेम के परिवार वाले उसकी संध्या (भूमि पेडनेकर) से शादी करा देते हैं।
संध्या के जरिए निर्माताओं ने ज्यादा वजन की लड़कियों की सामाजिक समस्या को दिखाने की कोशिश की है।
प्रेम और संध्या की बिल्कुल नहीं पटती है। एक टूटते रिश्ते को बचाने की खूबसूरत कहानी है यह फिल्म।
इसको आप अमेजन प्राइम वीडियो पर देखें।
#5
सुई धागा
'सुई धागा' रोज की रोजी-रोटी कमाने वाले छोटे कारीगरों की जिंदगी के उतार-चढ़ाव को दिखाती है।
फिल्म चंदेरी के एक गरीब कपल की कहानी है।
जहां हर कोई नौकरी पाने के लिए परेशान है, ऐसे में अपने रोजगार की अहमियत इस फिल्म में दिखाई गई है।
वरुण धवन और अनुष्का शर्मा की यह फिल्म 2018 में आई थी। फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 76 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।
यह फिल्म भी अमेजन प्राइम वीडियो पर मिलेगी।