Page Loader
बॉबी देओल समेत इन कलाकारों को करियर की दूसरी पारी में मिली नई पहचान
इन कलाकारों ने दूसरी पारी में छोड़ी छाप

बॉबी देओल समेत इन कलाकारों को करियर की दूसरी पारी में मिली नई पहचान

Dec 15, 2023
01:31 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाना कई लोगों का सपना होता है। हर साल सैंकड़ों लोग बॉलीवुड में अपनी किस्मत आजमाने मुंबई आते हैं। चाहे फिल्मी परिवार के बच्चें हों या फिर दूर-दराज से आए कलाकार, फिल्म जगत में शोहरत पाने के लिए लोग कड़ा संघर्ष करते हैं। ऐसे में कई कलाकारों को करियर की दूसरी पारी में सफलता मिलती है। आइए, नजर डालते हैं उन कलाकारों पर जिन्हें अपने काम के लिए काफी देर से प्रशंसा मिली।

#1

बॉबी देओल

बॉबी देओल ने 1995 की फिल्म 'बरसात' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद वह 'सोल्जर', 'गुप्त', 'आशिक' समेत कई फिल्मों में नजर आए। हालांकि, अपने शुरुआती दिनों से ज्यादा उन्हें बीते कुछ सालों में अपने काम के लिए प्रशंसा मिली है। वेब सीरीज 'आश्रम' से उन्होंने अपनी नई पहचान बनाई। 'लव होस्टल', 'क्लास ऑफ 83' जैसी फिल्मों में उनका नया ही रूप देखने को मिला। इन दिनों 'एनिमल' में अपनी भूमिका के लिए वह छाए हुए हैं।

#2 

नीना गुप्ता 

नीना गुप्ता 80 के दशक में मुंबई आई थीं। उन दिनों उन्होंने कई किरदार निभाए। हालांकि, 'चोली के पीछे' गाने को छोड़ दें, तो उनकी किसी भूमिका ने दर्शकों के बीच अपनी छाप नहीं छोड़ी। वह फिल्म जगत में डटी रहीं और लगातार काम करती रहीं। 2018 की फिल्म 'बधाई हो' उनके करियर का अहम मोड़ साबित हुई। इसके बाद वेब सीरीज 'पंचायत' में मंजू देवी का किरदार निभाकर वह छा गईं। इन दिनों उनकी लोकप्रियता शीर्ष पर है।

#3

पंकज त्रिपाठी 

पंकज त्रिपाठी 2004 में मुंबई आए थे। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों और टीवी शो में काम किया। हालांकि, उन्हें लोकप्रियता 2012 की फिल्म 'गैंग्स ऑफ वसेपुर' ने दिलाई। इस फिल्म के बाद उन्हें इतना काम मिला कि वह आज के दौर के सबसे बड़े सितारों में शुमार हैं। वेब सीरीज 'मिर्जापुर' ने उनकी शोहरत को और बुलंदियों पर पहुंचा दिया। हाल ही में उन्हें फिल्म 'मिमी' के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला है।

#4 

हरमन बावेजा 

हरमन बावेजा ने 2008 की फिल्म 'लव स्टोरी 2050' से अपने बॉलीवुड करियर की शुरुआत की थी। उन दिनों उनके लुक की तुलना ऋतिक रोशन से होती थी, लेकिन उनके अभिनय की खूब आलोचना हुई। आलोचनाओं से परेशान होकर उन्होंने लाइमलाइट से दूरी बना ली थी। इस साल हंसल मेहता की वेब सीरीज 'स्कूप' में उनका नया रूप देखने को मिला। शो में उनके अभिनय की खूब प्रशंसा भी हुई थी।

#5 

रोनित रॉय 

रोनित रॉय ने 90 के दशक में बॉलीवुड में किस्मत आजमाया था, लेकिन वह सफल नहीं हुए। इसके बाद 2000 के दशक में एकता कपूर के टीवी शो 'कसौटी जिंदगी की' से मशहूर हुए थे। युवा उम्र में उन्होंने छोटे पर्दे पर खूब नाम कमाया। इसके बाद 2010 के दशक में उन्होंने बॉलीवुड में फिर से अपना दमखम दिखाया। फिल्म 'उड़ान', 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर', '2 स्टेट्स' से उनकी लोकप्रियता को नई ऊंचाइयां मिलीं।