Page Loader
बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा को लगी गोली, बंदूक साफ करते समय हुआ हादसा
बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा को लगी गोली (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@govinda_herono1)

बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा को लगी गोली, बंदूक साफ करते समय हुआ हादसा

लेखन गजेंद्र
Oct 01, 2024
09:29 am

क्या है खबर?

बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता गोविंदा को लेकर एक बड़ी खबर आई है। वह गोली लगने से घायल हो गए हैं। शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता गोविंदा मंगलवार सुबह 5 बजे मुंबई स्थित अपने घर पर अपनी बंदूक साफ कर रहे थे, तभी अनजाने में गोली चल गई। गोली उनके घुटने में लगी है। उनको मुंबई के क्रिटिकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

गोली

घर से निकलने से पहले हुआ हादसा

गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने समाचार एजेंसी ANI को बताया, "गोविंदा कोलकाता जाने से पहले अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर केस में रख रहे थे, तभी रिवॉल्वर उनके हाथ से छूट गई और गोली चल गई जो उनके पैर में लगी। डॉक्टर ने गोली निकाल दी है और उनकी हालत ठीक है। उनका इलाज चल रहा है।" गोविंदा को गोली लगने की खबर मिलने के बाद तमाम नेता और बॉलीवुड के लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं।

पहचान

80-90 दशक के सुपरस्टार रहे हैं गोविंदा

गोविंदा 80-90 के दशक के बड़े सुपरस्टार रहे हैं। उन्होंने एक के बाद एक कई हिट फिल्में दी, जिससे उनकी गिनती बॉलीवुड के बड़े सितारों में होने लगी। उनकी सफल फिल्मों में 'कुली नंबर 1', 'हसीना मान जाएगी', 'स्वर्ग', 'साजन चले ससुराल', 'राजा बाबू', और 'पार्टनर' समेत कई शामिल हैं। मौजूदा समय में गोविंदा बॉक्स ऑफिस पर असफल होने के बाद फिल्मों से दूर हैं। उन्होंने कांग्रेस के बाद एकनाथ शिंदे की शिवसेना से फिर राजनीति में कदम रखा है।