Page Loader
बिपाशा बसु अब शुरू करेंगी एक नया सफर, अपने जीवन पर किताब लिखने का किया ऐलान
लेखक बनेंगी बिपाशा बसु

बिपाशा बसु अब शुरू करेंगी एक नया सफर, अपने जीवन पर किताब लिखने का किया ऐलान

लेखन पलक
May 26, 2024
04:26 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड की बंगाली बाला बिपाशा बसु बेशक लंबे समय से फिल्मों से दूर हों, लेकिन उनके चाहने वालों की संख्या में जरा भी कमी देखने को नहीं मिली है। आज भी वह लाखों लोगों की पसंदीदा अभिनेत्री हैं, जो उनकी जिंदगी के बारे में जानने के लिए बेकरार रहते हैं। अब बिपाशा ने अपने ऐसे ही प्रशंसकों के लिए अपने जीवन पर किताब लिखने का फैसला किया है। जी हां, बिपाशा अब हाथ में कलम थामकर अपनी जीवन गाथा लिखेंगी।

खबर

किताब लिखेंगी बिपाशा  

बिपाशा ने हाल ही में अपने निजी जीवन पर एक किताब लिखने की अपनी योजना की घोषणा की है। उनकी यह किताब उनके जीवन के हर महत्वपूर्ण किस्से जिक्र करेगी, जो उनके जीवन में अहमियत रखते हैं। इसके जरिए बिपाशा आत्म-खोज और आंतरिक शांति जैसे विषयों पर प्रकाश डालेगी। यह उनके करियर में एक महत्वपूर्ण कदम होगा, क्योंकि वह काफी समय से फिल्मों से दूर हैं। ऐसे में उनके प्रशंसकों के लिए यह खास तोहफा होगा।

उत्साह

किताब लिखने के लिए उत्साहित हैं बिपाशा

बिपाशा किताब लिखने के लिए बेहद उत्साहित हैं। अभिनेत्री के मुताबिक उनकी यात्रा चुनौतीपूर्ण और धन्य दोनों रही है। उन्होंने कहा, "मैं अपने जीवन के इस नए अध्याय का इंतजार कर रही हूं। जिस चीज ने मुझे यहां तक ​​पहुंचाया है वह जीवन की अच्छी चीजों पर ध्यान केंद्रित करना और हर दिन खुश रहने का निर्णय था। मुझे लगा कि यह मेरे प्रशंसकों और पाठकों के साथ जीवन की अपनी सीख को साझा करने का सही समय है।"

रिलीज

कब रिलीज होगी बिपाशा की किताब?

बिपाशा को उनकी किताब के लिए स्पॉनसर्स मिल गए हैं। अभिनेत्री ने बताया कि किताब के लिए उन्होंने 'द सनफ्लावर सीड्स' और 'एल वेंचर्स' के साथ हाथ मिलाया है। 'एल वेंचर्स' की संस्थापक पल्लवी बर्मन ने बिपाशा की विचारधारा और फिटनेस के प्रति उनके उत्साह की जमकर सराहना की। उन्होंने अभिनेत्री के साथ इस किताब पर काम करने को लेकर भी खुशी जताई। अभी इस किताब का नाम तय नहीं हुआ है और यह अगले साल लॉन्च होगी।

जानकारी

इन सितारों ने भी आजमाया लेखन में हाथ

बिपाशा से पहले कई बॉलीवुड सितारे किताबें लिख चुके हैं। इनमें करीना, ट्विंकल खन्ना, अनुपम खेर, इमरान हाशमी, आयुष्मान खुराना, हुमा कुरैशी, नवाजुद्दीन सिद्दीकी, प्रियंका चोपड़ा, सोनू सूद, करण जौहर, सोहा अली खान, नसीरुद्दीन शाह, सोनाली बेंद्रे और शिल्पा शेट्टी जैसे नामी सितारे शामिल हैं।

करियर

ऐसा रहा बिपाशा का करियर

बिपाशा के करियर की बात करें तो उन्होंने साल 2001 में रिलीज हुई फिल्म 'अजनबी' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इस फिल्म में उनके साथ अक्षय कुमार, बॉबी देओल और करीना कपूर खान नजर आए थे। इसके बाद वह 'राज', 'जिस्म', 'नो एंट्री', 'फिर हेरा फेरी', 'ओमकारा' समेत कई अन्य फिल्मों में काम करती दिखीं। उन्हें आखिरी बार हॉरर फिल्म 'अलोन' में देखा गया थी, जिसमें उनके साथ उनके पति करण सिंह ग्रोवर नजर आए थे।